Tata Cummins: छह साल बाद टाटा कमिंस में शुरू हुई साप्ताहिक बैठक, समस्याओं का निदान अब एक सप्ताह के अंदर
Tata Cummins.टाटा कमिंस में छह साल बाद प्रबंधन-यूनियन की साप्ताहिक बैठक शुरू हुई। पहले कंपनी व कर्मचारियों की समस्या को लेकर प्रबंधन-यूनियन की साप्ताहिक संयुक्त बैठक होती थी जो वर्षों से बंद थी। बैठक प्रत्येक गुरुवार को दोपहर में होगी
जमशेदपुर, जासं। टाटा कमिंस में छह साल बाद प्रबंधन-यूनियन की साप्ताहिक बैठक शुरू हुई। पहले कंपनी व कर्मचारियों की समस्या को लेकर प्रबंधन-यूनियन की साप्ताहिक संयुक्त बैठक होती थी, जो वर्षों से बंद थी। लेकिन इधर नए एचआर-आईआर हेड मनीष जैन की पहल से यह अब शुरू हुई है।
कंपनी के आईआर-एचआर प्रमुख मनीष जैन की अध्यक्षता में पहली बैठक कंपनी परिसर में हुई जिसमें आईआर अधिकारियों के साथ यूनियन की स्टीयरिंग कमेटी के सभी सदस्य शामिल हुए। यह बैठक प्रत्येक गुरुवार को दोपहर में होगी, जिसमें कंपनी व मजदूरों से संबंधित हरेक समस्याओं पर चर्चा की जाएगी तथा उसके निराकरण को लेकर काम किया जाएगा।
उठा कर्मचारियों को क्वार्टर आवंटन का मामला
प्रबंधन-यूनियन की बैठक में कर्मचारियों को क्वार्टर को लेकर हो रही समस्याओं को उठाया गया। यूनियन नेताओं ने बताया कि पहले यहां के कर्मचारियों को टाटा मोटर्स कर्मियों की तरह क्वार्टर मिलता था। लेकिन अभी उनके साथियों को नया क्वार्टर नहीं मिल पाता है। ऐसे में यहां के कर्मचारी आवास के लिए कहां जाएंगे। इस पर टाटा मोटर्स प्रबंधन से बात करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही कर्मचारीपुत्रों के नियोजन का मामला भी उठाया गया। कर्मचारियों के लंबित मांगों पर अमल करने का आग्रह किया गया। वहीं एचआर प्रमुख ने आपसी तालमेल के साथ रहने की सलाह दी। कहा कि किसी भी समस्या का निदान प्रबंधन-यूनियन मिलकर निकालेंगे, इसके लिए आपस में बातचीत करना आवश्यक है।