विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वंदे भारत कैटरिंग लापरवाही पर कार्रवाई: हावड़ा में एक्सपायरी पैकेट जब्त, वेंडर संचालक को एक लाख का आर्थिक जुर्माना

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:10 PM (IST)

राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोसे जाने पर रेलवे ने त्वरित कार्रवाई की। हावड़ा में 54 एक्सपायरी पैकेट जब्त कर वेंडर पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

खबर प्रसारित होने के मात्र दो घंटे में ही रेलवे के अधिकारियों ने तत्काल मामले में संज्ञान लिया और हावड़ा पहुंचते ही ट्रेन की जांच करते हुए 54 पैकेट एक्सपायरी माल को जब्त किया।

खबर प्रसारित होने के मात्र दो घंटे में ही रेलवे के अधिकारियों ने तत्काल मामले में संज्ञान लिया और हावड़ा पहुंचते ही ट्रेन की जांच करते हुए 54 पैकेट एक्सपायरी माल को जब्त किया।

HighLights

  1. वंदे भारत में यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोसा गया।

  2. रेलवे ने 54 एक्सपायरी पैकेट जब्त कर एक लाख जुर्माना लगाया।

  3. यात्री शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, खानपान गुणवत्ता पर सवाल।

जासं, जमशेदपुर। राउरकेला-हावड़ा 20872 वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोसे जाने की खबर दैनिक जागरण के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रमुखता से प्रसारित होने के मात्र दो घंटे के भीतर रेलवे प्रशासन हरकत में आ गया।
 
रेल अधिकारियों ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया और ट्रेन के हावड़ा पहुंचते ही सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान 54 पैकेट एक्सपायरी माल जब्त किया गया। 
 
संबंधित एजेंसी ‘मेसर्स एएस सेल्स कारपोरेशन इटारसी’ पर एक लाख रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया।
 
गुरुवार शाम को राउरकेला से हावड़ा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-9 कोच में सफर कर रहे यात्रियों को शाम के नाश्ते में मिलेट मिक्चर दिया गया था। 
 

12 नवंबर 2026 को एक्सपायर हो चुका था नमकीन 

यात्रियों ने जब पैकेट की तारीख देखी तो पाया कि वह एक सप्ताह पहले ही, यानी 12 नवंबर 2026 को एक्सपायर हो चुका था। 
 
यात्रियों ने इस संबंध में ट्रेन मैनेजर से शिकायत की और लिखित शिकायत दर्ज करने के लिए रजिस्टर मांगा, लेकिन आरोप है कि कोच मैनेजर ने रजिस्टर देने से इनकार कर दिया। 
 
इसके बाद एक यात्री ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड, इंडियन रेलवे फूड, वंदे भारत एक्सप्रेस और आइआरसीटीसी को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।
 

दो घंटे में कार्रवाई, 54 पैकेट जब्त 

यात्री की शिकायत के बाद दैनिक जागरण ने इस गंभीर लापरवाही को प्रमुखता से डिजिटल पर प्रकाशित किया। खबर प्रसारित होने के दो घंटे के अंदर ही रेलवे के अधिकारी सक्रिय हुए। 
 
जैसे ही ट्रेन शाम लगभग आठ बजे हावड़ा पहुंची, अधिकारियों ने पूरे कोच की जांच की और मौके से मिलेट मिक्चर के 54 एक्सपायरी पैकेट जब्त कर लिए। 
 
साथ ही वेंडर संचालक मेसर्स एएस सेल्स कारपोरेशन इटारसी पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
 

माल चढ़ाए जाने के दौरान जांच पर उठे सवाल 

राउरकेला-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन और मेंटेनेंस खड़गपुर डिवीजन से होता है, जबकि पूरा खाद्य सामान हावड़ा से चढ़ाया जाता है। 
 
ऐसे में इस कार्रवाई के बाद भी यह सवाल उठ रहा है कि ट्रेन में माल चढ़ाए जाने के दौरान संबंधित रेलवे अधिकारी गुणवत्ता और एक्सपायरी तिथि की जांच क्यों नहीं करते।
 
शिकायतकर्ता यात्री ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए पूछा था कि ऐसी घटनाओं के लिए आखिर कौन जिम्मेदार है। 
 
उन्होंने लिखा था कि वंदे भारत की रफ्तार तो तेज है, लेकिन कैटरिंग की गुणवत्ता शायद अतीत में ही छूट गई है। यात्री ने सवाल किया था कि क्या प्रीमियम ट्रेन में एक्सपायरी सामान परोसना भी प्रीमियम सुविधा का हिस्सा है।
 

वंदे भारत एक्सप्रेस में खानपान की गुणवत्ता को लेकर उठता रहा है सवाल

गौरतलब है कि टाटानगर आने-जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में खानपान की गुणवत्ता को लेकर पहले भी बासी खाना, फफूंद लगा दही और कच्चा चावल परोसे जाने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। 
 
दैनिक जागरण की खबर के बाद हुई इस तात्कालिक कार्रवाई से यात्रियों ने राहत की सांस ली है, लेकिन नियमित जांच व्यवस्था को लेकर सख्ती की मांग लगातार बनी हुई है।

मामले की जानकारी मिलते ही इसकी सूचना खड़गपुर डिवीजन को दी गई। हावड़ा स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही पूरे एक्सपायरी माल को जब्त करते हुए एजेंसी पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

-

आदित्य चौधरी, वरीय वाणिज्य प्रबंधक, चक्रधरपुर मंडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।