विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vande Bharat Catering: टाटानगर से सफर कर रहे यात्रियों को मिला एक्सपायरी मिलेट मिक्चर, रेलमंत्री से ऑनलाइन शिकायत

Published: Thu, 19 Nov 2026 07:24 PM (IST)

वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को एक्सपायरी मिलेट मिक्चर परोसे जाने का मामला सामने आया है, जिससे यात्रियों में आक्रोश है।

बेहतर सेवा के नाम पर यात्रियों से दोगुने से अधिक किराया वसूलने वाली इस ट्रेन में गुरुवार को शाम के नाश्ते के दौरान यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोस दिया गया।

बेहतर सेवा के नाम पर यात्रियों से दोगुने से अधिक किराया वसूलने वाली इस ट्रेन में गुरुवार को शाम के नाश्ते के दौरान यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोस दिया गया। 

HighLights

  1. वंदे भारत में यात्रियों को एक्सपायरी मिलेट मिक्चर मिला।

  2. यात्री ने रेलमंत्री को टैग कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई।

  3. कैटरिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल, पहले भी शिकायतें मिलीं।

जासं, जमशेदपुर। प्रीमियम सुविधा और तेज रफ्तार का दावा करने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ का एक और मामला सामने आया है। 
 
बेहतर सेवा के नाम पर यात्रियों से दोगुने से अधिक किराया वसूलने वाली इस ट्रेन में गुरुवार को शाम के नाश्ते के दौरान यात्रियों को एक्सपायरी मिक्चर परोस दिया गया। 
 
इस लापरवाही से नाराज यात्री ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, रेलवे बोर्ड, इंडियन रेलवे फूड, वंदे भारत एक्सप्रेस और आइआरसीटीसी को टैग करते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
 
जानकारी के अनुसार, यह घटना राउरकेला से हावड़ा जाने वाली 20872 वंदे भारत एक्सप्रेस के सी-9 कोच में गुरुवार, 19 नवंबर को हुई। 
 
टाटानगर से सफर शुरू करने वाले यात्रियों को जब शाम का नाश्ता दिया गया, तो उसमें लोकल ब्रांड ‘नेनीमेमी’ का मिलेट मिक्चर शामिल था। 
 
कई यात्रियों ने बिना पैकेट देखे ही इसका सेवन कर लिया, लेकिन जब कुछ यात्रियों की नजर पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। 
 
पैकेट मई 2026 में निर्मित था और उसकी एक्सपायरी डेट एक सप्ताह पहले ही, यानी 12 नवंबर 2026 को समाप्त हो चुकी थी। घटना के बाद यात्रियों में आक्रोश फैल गया और कैटरिंग व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होने लगे। 
 
यात्रियों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या सप्लाई करने वाली एजेंसी जानबूझकर कम कीमत पर एक्सपायरी या समाप्ति के करीब के खाद्य उत्पाद लेकर अधिक मुनाफा कमाने की कोशिश कर रही है, या यह एजेंसी की लापरवाह कार्यप्रणाली का हिस्सा है। 
 
यात्रियों का कहना है कि जिन लोगों ने पैकेट की तारीख देख ली, उन्हें माफी मांगकर दूसरा सामान दे दिया गया, लेकिन जिन्होंने ध्यान नहीं दिया, उनकी सेहत भगवान भरोसे रह गई।
 
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब कुछ यात्रियों ने इस मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए कोच अटेंडर और मैनेजर से शिकायत रजिस्टर मांगा। 
 
लेकिन उन्हें रजिस्टर उपलब्ध नहीं कराया गया। आरोप है कि उल्टे यात्रियों से एक्सपायरी मिक्चर का पैकेट वापस लेने का प्रयास भी किया गया।
 
शिकायतकर्ता यात्री ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि वंदे भारत की रफ्तार तो तेज है, लेकिन कैटरिंग की गुणवत्ता शायद अतीत में ही छूट गई है। 
 
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रीमियम ट्रेन में यात्रियों को एक्सपायरी सामान परोसना भी प्रीमियम सुविधा का ही हिस्सा है। यात्री ने स्पष्ट किया कि उन्हें ट्रेन की गति से कोई शिकायत नहीं है। 
 
लेकिन यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने रेलवे और आइआरसीटीसी से पूछा है कि आखिर इस चूक की जिम्मेदारी कौन लेगा।
 
गौरतलब है कि टाटानगर आने-जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में खानपान की गुणवत्ता को लेकर पहले भी ऐसी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। 
 
इससे पूर्व दोपहर का बासी खाना, फफूंद लगा दही और कच्चा चावल परोसे जाने जैसी घटनाएं भी यात्रियों की नाराजगी का कारण बन चुकी हैं। 
 
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच यात्रियों को अब रेलवे प्रशासन और आइआरसीटीसी की ओर से सख्त कार्रवाई का इंतजार है।

यह बड़ी चूक है। इस पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। ट्रेन में मौजूद सभी पैकेट को मैं सीज करने का आदेश दे रहा हूं। साथ ही आइआरसीटीसी को पत्र भेजकर संबधित एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा जाएगा।

-

आदित्य चौधरी, वरीय वाणिज्य प्रबंधक, चक्रधरपुर मंडल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।