निबंधित श्रमिक संघ ने किया टीडब्ल्यूयू महामंत्री सतीश का घेराव
नई कंपनी (इंटीटी) बनाने का काम जारी है। इसमें उम्र सीमा का कोई प्रावधान नहीं है। जल्द ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : टिस्को निबंधित श्रमिक संघ ने सोमवार को टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्ल्यूयू) कार्यालय पहुंचकर यूनियन के महामंत्री सतीश सिंह का घेराव किया और बहाली की प्रक्रिया में उम्र सीमा बढ़ाने के संघ की मांग पर अब तक हुई प्रगति के बारे में पूछा। संघ के अध्यक्ष मोहन पांडेय के मुताबिक सतीश सिंह ने कहा कि अब तक उस पर कोई प्रगति नहीं हुई है। कर्मचारियों द्वारा अपने आश्रितों का रजिस्ट्रेशन कराने के कारण बहाली प्रक्रिया नहीं शुरू हो पाई है। नई कंपनी (इंटीटी) बनाने का काम जारी है। इसमें उम्र सीमा का कोई प्रावधान नहीं है। जल्द ही इसे लागू कर दिया जाएगा। नई कंपनी में सबको समाहित करने का प्रयास किया जाएगा। संघ ने पूछा इंटीटी में मजदूरों को क्या सुविधाएं मिलेंगी। महामंत्री सतीश सिंह ने बताया 18,000 रुपये वेतन होगा लेकिन, मेडिकल और क्वार्टर सुविधा नहीं मिलेगी। उनकी यह बात सुनते ही निबंधित श्रमिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने इसका विरोध किया और सतीश सिंह से पूछा कि इस समझौते पर क्यों हस्ताक्षर किए। इस पर प्रतिनिधिमंडल को महामंत्री ने जवाब दिया कि प्रबंधन नहीं मान रहा था। संघ ने सवाल किया कि यदि यह समझौता मजदूर विरोधी था तो उन्होंने क्यों हस्ताक्षर किए। जबकि उन्होंने कहा था कि किसी भी समझौता पर वे कमेटी मेंबरों से अनुमति लेकर साइन करेंगे। मोहन पांडेय ने कहा कि बुधवार को फिर हमलोग भारी संख्या में जुटेंगे और सवाल करेंगे। इस घेराव में मोहन के अलावा सुषमा कुमारी, रणजीत दास, रंजीत सिंह, अरुण आचार्या, मनोज सिंह, अशोक सिंह आदि शामिल थे।