मंजिल से पहले मिली मौत: पोटका में मोटरसाइकिल की टक्कर में दो की मौत, एक घायल
पूर्वी सिंहभूम के पोटका इलाके में दो मोटरसाइकिल की टक्कर में दोनों के चालक की मौत हो गई। दुर्घटना के एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हाे गया।
जमशेदपुर, जेएनएन। कोल्हान की सड़क पर हादसों का क्रम थम नहीं रहा है। रोज आधा दर्जन दुर्घटनाएं हो रही हैं और जान-माल की क्षति हो रही है। ताजा दुर्घटना की खबर प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम के पोटका से है जहां सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।
दुर्घटना पोटका थाना इलाके के पोटका-कुदादा मार्ग पर तिलाडीह चौक के पास हुई। यहां विपरीत दिशा से आ रही दो मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर जोरदार थी। दोनों मोटरसाइकिल के चालक की मौत हो गई जबकि एक बाइक सवार घायल हो गया। मृतकों की पहचान मानपुर बड़डीह निवासी दुर्गा मांझी और पोड़ा भलकी निवासी रूपम मंडल के रूप में हुई है। घायल रामो हेम्ब्रम को स्थानीय लोगों ने वाहन की व्यवस्था कर जमशेदपुर भेजा।
सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी गई। सभी घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। मोटरसाइकिल सवार जमशदपुर से पोटका आ रहे थे, जबकि घायल राणा हेंब्रम पोटका की तरफ से जमशेदपुर जा रहा था। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए।