Corona Fighters : कोरोना से जीती जंग,चाकुलिया की युवती और जमशेदपुर के युवक स्वस्थ होकर घर लौटे
Covid 19. कोल्हान में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच बुधवार को अच्छी खबर भी आई। दो कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे। इनमें चाकुलिया की युवती और जमशेदपुर के युवक शामिल हैं।
जमशेदपुर, जेएनएन। Covid 19 कोल्हान में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच बुधवार को अच्छी खबर भी आई। दो कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौटे। इनमें चाकुलिया की युवती और जमशेदपुर शहरी क्षेत्र के युवक शामिल हैं। दोनों का इलाज जमशेदपुर के टाटा मुख्य अस्पताल के कोविड वार्ड में चल रहा था। दोनों को गुलदस्ता देकर घरों के लिए विदा किया गया।
चाकुलिया की युवती कोलकाता से आई थी। जब वह पॉजिटिव पाई गई कोल्हान का पहला केस था। उसके साथ चाकुलिया के एक युवक भी पॉजिटिव मिले थे। स्वस्थ हुए युवक-युवती को विदा करने के मौके पर उपायुक्त एवं वरीय आरक्षी अधीक्षक खासतौर से मौजूद रहे। टीएमएच के महाप्रबंधक डॉ राजन चौधरी ने बताया कि पॉजिटिव दो मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी जा रही है। इनमें एक चाकुलिया की युवती और दूसरा जमशेदपुर शहरी क्षेत्र का युवक है। उन्होंने बताया कि दोनों मरीज छुट्टी मिलने के बाद काफी खुश हैं। यहां के डॉक्टर और कर्मचारी ने बहुत अच्छी तरह से उनकी देखभाल की है। इसलिए आज अच्छे होकर घर जा रहे हैं। लेकिन इन्हें 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहना होगा। साथ ही सभी नियमों का पालन करना होगा। घर वाले भी इनसे से दूरी बनकार रहेंगे।