Jamshedpur Crime News : टेल्को में 100 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार
Jamshedpur Crime News नशा का धंधा करने वाले लगातार पकड़े जा रहे हैं। टेल्को थाना की पुलिस ने 100 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में आदित्यपुर का शमशाद अली शामिल है।
जमशेदपुर , जागरण संवाददाता। पूर्वी सिंहभूम जिले के टेल्को थाना की पुलिस ने 100 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी देते हुए टेल्को थाना प्रभारी अजय तिवारी ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि मिलेनियम पार्क में दो लोग नशा का धंधा करते हैं। ब्राउन शुगर की बिक्री करते हैं। पुलिस टीम के साथ पार्क में छापामारी की गई। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
आरोपितों में आदित्यपुर का शमशाद अली शामिल है। इनके पास 3700 रुपये बरामद किए गए। टेल्को थाना में आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपितों को रविवार को जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि जमशेदपुर में लगातार नशा की पुड़िया का धंधा करने वाले के खिलाफ छापामारी की जा रही है। दो दिन पहले और जमशेदपुर के मानगो थाना की पुलिस ने आजादनगर क्रॉस रोड नंबर 6 में ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करने वाले छोटू कुमार झा को पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। छोटू के पास से पुलिस ने दो पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद किया था। हालांकि पुलिस को देख छोटू के साथी मो इलियास, फरीद उर्फ बीतन और आसिफ अख्तर उर्फ शिबू बच्चा फरार हो गए थे। 22 अक्टूबर को कोवाली थाना की पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जमशेदपुर के हर इलाके में नशा का धंधा संचालित हो रहा है। आदित्यपुर से नशे की पुड़िया की खेप जमशेदपुर भेजी जा रही है।