महिला से दुष्कर्म के मामले में दो गिरफ्तार, जंगल में ले जाकर की थी ज्यादती
कांड्रा थाना अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव कुना मारचा की 30 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
सरायकेला, जासं। जमशेदपुर से कोई 16 किलोमीटर दूर सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत सुदूरवर्ती गांव कुना मारचा की 30 वर्षीय विवाहिता के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने दोनों नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और रविवार को गांव से ही दोनों आरोपित किशुन मुर्मू (40) और गुरुपदो मुर्मू (27) को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।
बताते चलें कि गुरुवार को विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। घटना के दिन पीड़िता अपने जमीन से संबंधित कागजात की फोटोकॉपी कराने पास के गांव डुमरा आई थी। साइकिल से वापस घर लौटते समय महताबेड़ा गांव के समीप घाघरा पुल के पास दो लोगों ने उसे दबोच लिया और जंगल में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने घटना की जानकारी देने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। बाद में पीड़िता के बयान पर स्थानीय थाने में मामला दर्ज किया गया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीण क्षेत्र में हुआ यह मामला लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। आरोपितों की गिरफ्तारी में पुलिस अवर निरीक्षक धर्मराज कुमार और जवानों की अहम भूमिका रही।