जमशेदपुर में टाटा मोटर्स की सामग्री लदा मिनी ट्रक पलटा, बर्मामाइंस-स्टेशन रूट पर लगा लंबा जाम
टाटानगर स्टेशन के पास बर्मामाइंस ओवरब्रिज पर औद्योगिक सामग्री से लदा एक मिनी ट्रक पलट गया, जिससे घंटों भीषण जाम लग गया।

ट्रक पलटा। फोटो जागरण
HighLights
औद्योगिक सामग्री से लदा मिनी ट्रक बर्मामाइंस ओवरब्रिज पर पलटा।
टाटानगर स्टेशन के पास सुबह घंटों भीषण जाम लगा।
कर्मचारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटानगर स्टेशन के समीप बर्मामाइंस ओवरब्रिज पर शनिवार सुबह औद्योगिक सामग्री लदा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग पर पलट गया।
हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन व्यस्ततम सड़क पर वाहन के गिर जाने से सुबह पाली की ड्यूटी पर निकलने वाले कर्मचारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों को घंटों भीषण जाम से जूझना पड़ा।
लोड एक तरफ झुकने से बिगड़ा संतुलन प्रत्यक्षदर्शियों और चालक के अनुसार, लाल रंग के आयशर ट्रक संख्या जेएच 05 डीडी 9727 पर टाटा मोटर्स से जुड़ी ऑटोमोबाइल सामग्री लदी थी।
ओवरब्रिज के मोड़ के पास अचानक वाहन में बंधी सामग्री का संतुलन बिगड़ गया और पूरा वजन एक तरफ झुक गया। भार एक ओर होते ही ट्रक सड़क पर दाहिनी तरफ पलट गया।
गनीमत रही कि घटना के वक्त बगल से कोई दूसरा दोपहिया या चारपहिया वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक सुरक्षित बाहर निकल आया।
सुबह छह बजे से थम गए पहिए सुबह छह बजते ही जब कंपनियों में मॉर्निंग शिफ्ट के कामगारों, स्कूल बसों और रेलवे स्टेशन जाने वाले लोगों की आवाजाही शुरू हुई, तो सड़क बाधित होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
बर्मामाइंस, जुगसलाई और स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन बुलाकर ट्रक को हटाने की कवायद शुरू की और एकल लेन से धीमे-धीमे यातायात चालू कराया।
कामगारों और यात्रियों ने बयां की परेशानी जाम में फंसे टाटा मोटर्स के कर्मचारी राजेश कुमार ने बताया कि पहली पाली की ड्यूटी के लिए समय पर निकलना जरूरी था, लेकिन ओवरब्रिज पर रास्ता जाम होने के कारण 45 मिनट से एक ही जगह खड़े रहना पड़ा।
वहीं स्टेशन जा रहे यात्री सुमित सिंह ने कहा कि ट्रेन छूटने के डर से उन्हें ऑटो छोड़कर परिवार और सामान के साथ पैदल ही पुल पार करना पड़ा।
लोगों का कहना है कि भारी और औद्योगिक वाहनों की लोडिंग व्यवस्था पर कड़ाई से नजर रखी जानी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में बंद हो सकता है P&M Mall, 2.23 करोड़ नहीं दिए तो जमीन वापस लेगी टाटा स्टील
