मुंबई में बिखरा आदिवासी जायकों का जादू, 'द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल' में झारखंड के 10 रसोइयों ने संभाला मोर्चा
टाटा स्टील फाउंडेशन की पहल 'संवाद ट्राइबल कुजीन' के तहत झारखंड, असम और आंध्र प्रदेश के दस आदिवासी रसोइए मुंबई में अपनी पारंपरिक पाक कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।

'द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल' में ये रसोइए जंगल और पहाड़ों के प्रामाणिक जायके परोस रहे हैं, जिससे उन्हें स्थायी आजीविका के नए अवसर मिलेंगे।
HighLights
मुंबई में आदिवासी रसोइयों ने पारंपरिक जायके परोसे।
'द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल' में संस्कृति और स्वाद का संगम।
आदिवासी रसोइयों को स्थायी आजीविका के नए रास्ते।
जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील फाउंडेशन की 'संवाद ट्राइबल कुजीन' पहल के तहत झारखंड, असम और आंध्र प्रदेश के दस आदिवासी रसोइए इन दिनों मुंबई में अपनी पारंपरिक पाक कला का जादू बिखेर रहे हैं।
27 से 29 नवंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड गार्डन में आयोजित 'द ग्रेट इंडियन फीस्ट ट्रेल' में इन रसोइयों ने अपने स्टॉल लगाए हैं, जहां लोगों को जंगल और पहाड़ों के प्रामाणिक जायके परोसे जा रहे हैं।
स्वाद के साथ संस्कृति का भी अनूठा संगम
यह देश का पहला इमर्सिव फूड फेस्टिवल है। इस अनूठे स्वाद मेले में आगंतुकों को न केवल व्यंजन चखने का अवसर मिल रहा है, बल्कि लोकसंगीत और कहानियों के माध्यम से आदिवासी संस्कृति को करीब से जीने का अनुभव भी प्राप्त हो रहा है।
आयोजन स्थल पर विभिन्न क्षेत्रों के जायकों के लिए 13 अलग-अलग 'थीम ट्रेल' (गलियारे) बनाए गए हैं। इस महोत्सव में झारखंड के संताल, असुर और उरांव समुदाय के चार, असम के कार्बी समुदाय के तीन तथा आंध्र प्रदेश के कोया समुदाय के तीन रसोइए भाग ले रहे हैं।
स्थायी आजीविका के खुलेंगे नए रास्ते
महोत्सव में शामिल झारखंड की उरांव जनजाति की पुष्पा रानी तिर्की ने उत्साह जताते हुए कहा कि वे जंगल-पहाड़ के पारंपरिक स्वाद को मुंबई वासियों तक पहुंचा रही हैं।
वहीं, असम की जोर्लिन तारोपी ने इसे अपने जीवन का बेहद रोमांचक अनुभव बताया। इस अवसर पर टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रमुख जीरेन तोपनो ने कहा कि आदिवासी भोजन प्रकृति की विविधता और पोषण से गहराई से जुड़ा हुआ है।
इस तरह के मंच से आदिवासी रसोइयों को बड़े होटल और रेस्तरां उद्योग से जुड़ने का मौका मिलेगा, जिससे उनके लिए स्थायी कमाई के नए रास्ते खुलेंगे।