TRF Bonus: कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले, 12.44% बोनस पर बनी सहमति; खाते में आएंगे 91 हजार रुपये तक
TRF Bonus Agreement: टीआरएफ कंपनी और लेबर यूनियन के बीच 12.44 प्रतिशत बोनस पर समझौता हुआ, जिससे जमशेदपुर के 154 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। यह राशि अधिकतम 91,022 रुपये और न्यूनतम 29,634 रुपये होगी, जिसका भुगतान 18 सितंबर तक बैंक खातों में कर दिया जाएगा।

जमशेदपुर में TRF कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, 18 सितंबर तक खाते में आएगा बोनस।
HighLights
टीआरएफ कर्मचारियों को 12.44 प्रतिशत बोनस पर समझौता हुआ।
इस समझौते से 154 कर्मचारी अधिकतम 91,022 रुपये तक लाभान्वित होंगे।
बोनस राशि 18 सितंबर तक सीधे कर्मचारियों के बैंक खातों में जाएगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टीआरएफ कंपनी के कर्मचारियों के लिए गुरुवार को बोनस समझौता संपन्न हुआ। कंपनी प्रबंधन और टीआरएफ लेबर यूनियन के बीच हुए समझौते में कर्मचारियों को 12.44 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति बनी। इससे कंपनी के करीब 154 कर्मचारी लाभान्वित होंगे। बोनस की राशि 18 सितंबर तक कर्मचारियों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
समझौते के अनुसार, उत्पादन, लाभ और सुरक्षा को आधार बनाकर निर्धारित फार्मूले के तहत कर्मचारियों का बोनस करीब 9.8 प्रतिशत बन रहा था। हालांकि, कर्मचारियों के योगदान, निरंतर सहयोग और मनोबल को देखते हुए यूनियन ने प्रबंधन से अतिरिक्त बोनस देने की मांग रखी। इसके बाद प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए 12.44 प्रतिशत बोनस देने पर सहमति जताई।
समझौते के तहत कर्मचारियों को अधिकतम 91,022 रुपये और न्यूनतम 29,634 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे। बोनस समझौता होने के बाद कर्मचारियों में भी उत्साह देखा गया।
समझौता पत्र पर प्रबंधन की ओर से प्रबंध निदेशक उमेश कुमार सिंह, सीएफओ अनिमेष उपाध्याय, सीएचआरओ अभिजीत सिंह, हेड मैन्युफैक्चरिंग रवि राव मांडा, हेड एससीएम सौरभ मेहता, हेड फाइनेंस एंड अकाउंट्स प्रियंका गांगुली और यूनिट लीडर पर्सनल एंड आइआर प्रमोद कुमार ने हस्ताक्षर किए।
वहीं, यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय, महामंत्री अंजनी कुमार, डिप्टी प्रेसिडेंट संजय कुमार, वाइस प्रेसिडेंट बेबी कुमारी, सहायक सचिव नवीन कुमार और मनीष कुमार, कोषाध्यक्ष प्रिया महतो, सुशील कुमार, धर्मेंद्र कुमार सिन्हा, धर्मेंद्र कुमार, राजीव कुमार सिंह, सुब्रता देव और रवि कुमार ने समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए।
बोनस समझौते के बाद यूनियन ने कर्मचारियों के हित में सकारात्मक रुख अपनाने के लिए प्रबंधन के प्रति आभार जताया। प्रबंधन और यूनियन ने भविष्य में भी आपसी विश्वास, सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ कंपनी की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया। समझौते को बेहतर औद्योगिक संबंधों और कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।