झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन के पिता का निधन,101 वर्ष के थे सिमन सोरेन
झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन के पिता का सिमन सोरेन का निधन हो गया। 101 वर्षीय सिमन सोरेन शनिवार सुबह आठ बजे जिलिंगजोड़ा स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।
जमशेदपुर/सरायकेला, जेएनएन। झारखंड के परिवहन मंत्री चंपई सोरेन के पिता का सिमन सोरेन का निधन हो गया। 101 वर्षीय सिमन सोरेन ने शनिवार सुबह आठ बजे सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड क्षेत्र के जिलिंगजोड़ा स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।
झारखंड टाइगर के नाम से मशहूर झामुमो विधायक व मंत्री चंपई सोरेन को अपने पिता के निधन की सूचना सरायकेला में मिली। उन्होंने बताया कि पिता की सेहत सामान्य थी। वे खुद रात में जिलिंगजोड़ा स्थित आवास पर ही थे और उनकी पिता से लंबी बातचीत भी हुई थी। पिता रात में खा-पीकर आराम से सोए। आज वे खुद सरायकेला के लिए सुबह निकल पड़े। सरायकेला पहुंचे ही थे कि पिता के निधन की सूचना मिली।
पेशे से किसान थे सेमल सोरेन
सेमल सोरेन की पत्नी माधो सोरेन का पहले ही निधन हो चुका है। सेमल सोरेन तीन बेटे और तीन बेटियों के पिता थे। बड़े पुत्र और दो बेटियों का निधन हो गया था। भाइयों में चंपई सोरेन तीसरे नंबर पर हैं। सेमल सोरेन पेशे से किसान थे। मंत्री चंपई सोरेन के पिता के निधन की खबर सुनते ही उनके आवास पर उनके समर्थकों शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ने लगी है। पूरा परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा है। मंत्री चंपई सोरेन ने बताया कि पिता का अंतिम संस्कार आज ही गांव में ही दोपहर एक बजे किया जाएगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी चंपई सोरेन के पिता का अंतिम दर्शन करने जिलिंगजोड़ा पहुंचेंगे।