जमशेदपुर में ऑटो हटाने को लेकर बवाल, किन्नरों ने ट्रैफिक जवान से की हाथापाई; फाड़ी वर्दी
जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर पर किन्नर समुदाय और यातायात पुलिस के बीच ऑटो हटाने को लेकर विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
-1790350279691_m.webp)
जमशेदपुर में बवाल। (जागरण)
HighLights
किन्नर समुदाय और यातायात पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई।
ऑटो हटाने के विवाद में पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी गई।
साकची गोलचक्कर पर हंगामा, पुलिस ने स्थिति संभाली।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर के व्यस्ततम साकची गोलचक्कर पर शुक्रवार दोपहर किन्नर समुदाय और यातायात पुलिस के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
ऑटो हटाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद किन्नरों ने बीच सड़क पर जमकर हंगामा किया और ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोलचक्कर के समीप एक ऑटो में बैठकर किन्नर समुदाय के सदस्य चाय पी रहे थे। व्यस्त समय में वाहन खड़ा रहने से आवागमन बाधित हो रहा था।
तैनात ट्रैफिक जवान ने जब ऑटो आगे बढ़ाने को कहा तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। किन्नरों का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ बदसलूकी व कथित बल प्रयोग किया।
इसके विरोध में किन्नर बीच सड़क पर अर्द्धनग्न होकर प्रदर्शन करने लगे और संबंधित जवान से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग पर अड़ गए।
पुलिस को घेरकर हाथापाई
विवाद बढ़ने पर किन्नरों ने पुलिसकर्मी को घेर लिया और हाथापाई शुरू कर दी, जिससे उसकी वर्दी फट गई। हंगामे और विरोध के चलते चौराहे पर भारी भीड़ जुट गई और कुछ ही देर में साकची मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पाकर साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
