रांची के गोली कांड के विरोध में व्यापारियों ने लगाया काला बिल्ला Jamshedpur News
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री व झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नेतृत्व में बिष्टुपुर साकची जुगसलाई समेत पूरे शहर के कारोबारियों ने गोलीकांड के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया।
जमशेदपुर (जासं)। रांची में खिरवाल बंधु पर फायरिंग के विरोध में शहर के व्यापारियों ने काला बिल्ला लगाकर अपना विरोध दर्ज किया।
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री व झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के नेतृत्व में बिष्टुपुर, साकची, जुगसलाई समेत पूरे शहर के कारोबारियों ने गोलीकांड के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान अपना मत प्रकट करते हुए चैंबर के अध्यक्ष अशोक भालोटिया, महासचिव भरत वसानी व मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री सुरेश सौंथालिया ने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटना पुलिस की लापरवाही से ज्यादा कुछ नहीं है।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि अपराधी एक बाइक पर ट्रिपल राइड जा रहे हैं। खुलेआम हाथ में पिस्तौल लिया है। इसके बावजूद पुलिस अब तक अपराधियों को नहीं पकड़ सकी है। इससे ज्यादा अफसोस की बात क्या होगी। ज्ञात हो कि अपराधियों ने जिस खिरवाल बंधु को निशाना बनाया, उनका परिवार जुगसलाई में रहता है। पहले खिरवाल परिवार चक्रधरपुर में रहता था।
हाल जानने अस्पताल पहुंचे अर्जुन मुंडा
रांची में दिनदहाड़े भीड़-भाड़ वाले लालपुर में जिन दो सगे भाइयों रोहित और राहुल ख़िरवाल को बदमाशों ने गोली मारी थी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा उनका हाल जानने आज दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल गए। मुंडा उनसे आइसीयूू में जाकर मिले। आइसीयू में उपचार कर रहे चिकित्सक से उनके बारे में जानकारी भी ली।उन दोनों के पिता बनवारी खीरवाल एवं परिवार के लोगों से भी मिलें। मुंडा ने रांची में विधि व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जतायी है।