Top Jamshedpur News of the day, 16th September 2019, शाइस्ता ने दी आमरण अनशन की चेतावनी, पिता ने खाया जहर, कांग्रेस में गुटबाजी, पति ने की हैवानियत
मॉब लिंचिंग के शिकार तबरेज की पत्नी ने जांच रिपोर्ट मांगते हुए आमरण अनशन की चेतावनी दी। वहीं बेटे को मारने से रोकने पर पिता ने जहर खा लिया।
जमशेदपुर (जेएनएन)। मॉब लिंचिंग के शिकार हुए तबरेज की पत्नी शाइस्ता ने सरायकेला उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से मिलकर सभी जांच रिपोर्ट मांगते हुए आमरण अनशन की चेतावनी दी। बेटे को मारने जा रहे एक पिता ने रोके जाने पर जहर खा लिया। आंतरिक बैठक में कांग्रेस की गुटबाजी उजागर हो गई। एक पति ने पत्नी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
तबरेज की पत्नी ने दी आमरण अनशन की चेतावनी
मॉब लिंचिंग के शिकार हुए तबरेज अंसारी की पत्नी शाइस्ता परवीन परिजनों के साथ सोमवार को सरायकेला के साथ उपायुक्त से मिलकर तबरेज की मौत व उससे जुड़े सभी रिपोर्ट (पोस्टमार्टम, बिसरा, एसआइटी आदि) तुरत देने को कहा। साथ ही चेतावनी दी कि दो घंटे के अंदर सभी रिपोर्ट उसके हवाले नहीं की गई तो परिजनों के साथ आमरण अनशन पर बैठ जाएगी। उसने यह भी आरोप लगाया कि आरेपितों के दबाव में पुलिस ने हत्या की धाराएं बदली हैं। पुलिस आरोपितों को बचाने की कोशिश कर रही है। उपायुक्त ए दोड्डे ने शाइस्ता से कहा कि वह एसपी से मुलाकात करे। उपायुक्त के कहने पर शाइस्ता अपने परिजनों के साथ आवास में जाकर पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस से मिली जहां एसपी ने उससे कहा कि तबरेज अंसारी की पूरी जांच रिपोर्ट न्यायालय को दी जाएगी। वह चाहे तो न्यायालय से प्रति की मांग कर सकती है। इसके बाद आमरण अनशन फिलहाल स्थगित कर दिया।
जा रहा था बेटे को काटने, परिजनों ने पकड़ा तो खा लिया कीटनाशक
एक पिता दशरथ गोप अपने 10 वर्षीय पुत्र को कुल्हाड़ी से काटने जा रहा था। परिजनों ने देख लिया। कुल्हाड़ी छीन ली। पुत्र भी जान बचा कर घर से भाग गया। इसके बाद पिता ने कीटनाशक खा कर खुदकशी करने की कोशिश की। पिता को महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र के गोरांगकोचा गांव की है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
कांग्रेस की गुटबाजी उजागर, नहीं हटाए गए जिलाध्यक्ष
कांग्रेस की राज्यस्तरीय नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी उजागर हो गई। प्रदेश अध्यक्ष के साथ मीटिंग में जिला अध्यक्ष बदले जाने की पूर्व से चर्चा थी। जिला अध्यक्ष तो नहीं बदले गए लेकिन नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने ही मुर्दाबाद के नारे खूब लगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप कुमार बलमुचू ने दो-तीन दिन पहले ही बयान दिया था कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे में जिलाध्यक्ष बदले जाने की घोषणा होगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पूर्व सांसद रामेश्वर उरांव पहली बार रविवार को शहर पहुंचे। माइकल जॉन ऑडिटोरियम में हुई सांगठनिक बैठक में गुटबाजी उजागर हो गई।
पहले बैठक को बीच में ही छोड़कर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बलमुचू और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता बाहर निकले। उनके निकलते ही दोनों नेताओं के समर्थक बैठक की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष बिजय खां के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगने लगे।
पत्नी के साथ कर डाली ऐसी हैवानियत, अब खोज रही पुलिस
पत्नी के साथ पति ने ऐसी हैवानियत कर दी कि मामला थाने पहुंच गया। अब पुलिस एफआइआर दर्ज कर आरोपित पति को खोज रही है। मामला गोविंदपुर थाना क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र के गायत्री नगर इलाके में एक महिला के साथ उसके पति ने अप्राकृतिक यौनाचार किया है। इस कृत्य का विरोध किया जाना भी महिला के लिए आफत बन गया। विरोध करने पर पति ने महिला के साथ जमकर मारपीट भी की। उसे इतना पीटा कि इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में पति के खिलाफ गोविंदपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।