Coronavirus Jamshedpur : जमशेदपुर में आज बनेगा रिकार्ड, ढ़ाई हजार संदिग्ध कोरोना मरीजों की होगी जांच
Coronavirus Jamshedpur. जमशेदपुर में विशेष अभियान चलाकर ढ़ाई हजार संदिग्धों का नमूना लेकर उनकी जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Jamshedpur कोरोना के बढ़ते संक्रमण और मौत के बढ़ते आंकड़े के बीच कोरोना पर काबू पाने का प्रयास तेज हो गया है। रविवार को जमशेदपुर में विशेष अभियान चलाकर ढ़ाई हजार संदिग्धों का नमूना लेकर उनकी जांच करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सुबह से ही टीम जुट गई है। सभी का रैपिड एंटीजन डिटेक्शन टेस्ट होगा। इसके माध्यम से जांच रिपोर्ट मात्र 15 से 20 मिनट में मिल जाती है।
जिला सर्विलांस विभाग की टीम अगर अपने अभियान में सफल रही तो यह जमशेदपुर के लिए रिकार्ड होगा। एक दिन में अब तक ढ़ाई हजार संदिग्धों की जांच नहीं हुई है। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या ने सबकी चिंता बढ़ा दी है। जमशेदपुर में रैपिड एंटीजन डिक्शन टेस्ट के लिए राज्य स्वास्थ्य मुख्यालय से पर्याप्त किट आई है। जमशेदपुर में अब तक 1500 से अधिक मरीजों की रैपिड एंटीजन डिटेक्शन टेस्ट हुई है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर अब तक 1991 हो गई है।