जमशेदपुर टीएमएच में पार्किंग से अस्पताल तक ई-रिक्शा सेवा जल्द, मरीजों को मिलेगी बेहतर सुविधा
सिंहभूम चेंबर और टीएमएच के बीच संवाद में मरीजों की सुविधाओं पर चर्चा हुई। टीएमएच ने पार्किंग से अस्पताल तक ...और पढ़ें

सिंहभूम चेंबर में टीएमएच के वरीय चिकित्सकों से संवाद, सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन।
HighLights
पार्किंग से अस्पताल तक तीन माह में ई-रिक्शा सेवा शुरू होगी।
हृदय रोगियों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल बनाया जाएगा।
जांच में लगने वाला समय कम करने नई हाई-पावर मशीनें लगेंगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सिंहभूम चेंबर आफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री में मंगलवार को टाटा मेन हास्पिटल (टीएमएच) के वरीय चिकित्सकों और चेंबर सदस्यों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। टीएमएच की महाप्रबंधक (मेडिकल सर्विसेस) डाॅ. विनीता सिंह के नेतृत्व में 14 चिकित्सकों की टीम ने भाग लिया।
कार्यक्रम में शहर में उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मरीजों की सुविधा और उपचार व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। चेंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि टीएमएच जमशेदपुर की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्था है और मरीजों का अस्पताल पर भरोसा है।
उन्होंने उपचार की गुणवत्ता और मरीजों की सुविधा को और बेहतर बनाने का आग्रह किया। मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल ‘गोल्डी’ ने मरीजों से जुड़े सुझाव रखे।
डाॅ. विनीता सिंह ने बताया कि पार्किंग से अस्पताल तक टोटो या ई-रिक्शा सेवा शुरू करने का लक्ष्य अगले तीन माह में है। नए भवनों के निर्माण के बाद विजिटर पार्किंग की व्यवस्था में सुधार होगा। जांच में लगने वाला समय कम करने के लिए नई हाई-पावर मशीन लगाने की दिशा में काम चल रहा है। हृदय रोगियों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हाल बनाने की भी योजना है।
सुपर-स्पेशलिस्ट सुविधाओं के विस्तार की तैयारी
वेटिंग एरिया में वेंडिंग मशीनों की संख्या छह से बढ़ाकर 15 करने तथा कैफेटेरिया निर्माण की योजना की जानकारी दी गई। दवाओं की उपलब्धता संबंधी शिकायतों की निगरानी की जा रही है। गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने समेत अन्य प्रमुख विभागों में सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई।
टीएमएच ने प्रस्तुति के माध्यम से अस्पताल की सुविधाओं और ‘साथी’ ऐप की जानकारी दी, जिससे मरीज अपॉइंटमेंट लेने और जांच रिपोर्ट देखने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। पूर्व अध्यक्ष निर्मल काबरा और विजय आनंद मूनका ने भी सुझाव रखे। कार्यक्रम में चैम्बर के पदाधिकारी, पूर्व अध्यक्ष और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल ने किया।
चेंबर के प्रमुख सुझाव
- पार्किंग क्षेत्र से अस्पताल तक टोटो/ई-रिक्शा सेवा
- इमरजेंसी में प्रतीक्षा समय घटाने हेतु तेज प्रक्रिया एवं वरिष्ठ चिकित्सकों की उपलब्धता
- विजिटर पार्किंग की क्षमता में वृद्धि या बेहतर प्रबंधन
- जांच एवं निदान की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं त्वरित बनाना
- हृदय रोगियों एवं परिजनों के लिए अलग कार्डियक वेटिंग हॉल
- सभी वेटिंग एरिया में पर्याप्त पंखे एवं पेयजल की व्यवस्था
- आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक
- सभी प्रमुख चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता
- गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग में डीएम स्तर के विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर दुर्गापूजा 2026: पंडालों में इस बार केदारनाथ मंदिर, बनारस घाट से भगवान विष्णु के दस अवतार तक
