TMH जमशेदपुर में डिजिटल भुगतान सेवा शुरू: UPI, कार्ड व नेट बैंकिंग से कटेगी पर्ची; लंबी कतार से मिलेगी मुक्ति
टीएमएच जमशेदपुर ने मरीजों की सुविधा बढ़ाने और ओपीडी में प्रतीक्षा समय कम करने के लिए ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था शुरू की है। अब मरीज और उनके परिजन यूपीआई, कार्ड या नेट बैंकिंग से फीस व जांच शुल्क का भुगतान कर लंबी कतारों से बच सकेंगे।

डिजिटल पहल से टीएमएच में फीस या जांच शुल्क जमा करने के लिए अब काउंटरों पर लंबी कतारों में नहीं खड़ा होना पड़ेगा।
HighLights
टीएमएच में ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था हुई शुरू।
ओपीडी, जांच शुल्क के लिए सुविधा उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मरीजों की सुविधा बढ़ाने और ओपीडी में लगने वाले प्रतीक्षा समय को कम करने के उद्देश्य से टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ने ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था शुरू की है।
इस डिजिटल पहल से मरीजों और उनके तीमारदारों को फीस या जांच शुल्क जमा करने के लिए अब काउंटरों पर लंबी कतारों में नहीं खड़ा होना पड़ेगा।
UPI, कार्ड और नेट बैंकिंग से होगा भुगतान
नई व्यवस्था के तहत मरीज व उनके परिजन यूपीआई (UPI), क्रेडिट/डेबिट कार्ड तथा नेट बैंकिंग के माध्यम से आसानी से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।
अस्पताल में पंजीकरण या डॉक्टर से परामर्श (कंसल्टेशन) के बाद संबंधित शुल्क मरीज के मोबाइल ऐप पर प्रदर्शित होगा।
ऐप के जरिए भुगतान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होते ही मरीज बिना बिलिंग काउंटर पर गए सीधे अगली चिकित्सीय सेवा का लाभ ले सकेंगे।
जांच व डायग्नोस्टिक टेस्ट के लिए भी कैशलेस सुविधा
यह डिजिटल भुगतान सुविधा केवल ओपीडी तक सीमित नहीं है, बल्कि पैथोलॉजी जांच और डायग्नोस्टिक टेस्ट के लिए भी उपलब्ध रहेगी।
यदि डॉक्टर किसी जांच की सलाह देते हैं, तो मरीज को दोबारा काउंटर पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी; वे अपने मोबाइल से ही तुरंत बिल का भुगतान कर सकेंगे।
भीड़ घटेगी, बढ़ेगी पारदर्शिता
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस पहल से भुगतान काउंटरों पर भीड़ कम होगी और मरीजों का बहुमूल्य समय बचेगा। डिजिटल लेन-देन से प्रत्येक भुगतान का ट्रैक रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा।
जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और पारदर्शी बनेगी। साथ ही मरीजों को नकद या खुले पैसे साथ रखने की भी मजबूरी नहीं होगी।
टीएमएच की यह मरीज-केंद्रित पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक तेज, सहज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है।