टिस्को निबंधितों ने शुरू किया भिक्षाटन, रतन टाटा से मिलने मुंबई जाने की तैयारी
कहीं से कोई मदद नहीं मिलने पर निबंधित कर्मचारी पुत्र पूरे मामले में मुंबई जाकर टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा के पास जाकर अपनी बात रखने की तैयारी कर रहे हैं। निबंधित कर्मचारी पुत्र भिक्षाटन कर शहरवासियों से सहयोग राशि एकत्र कर रहे हैं।
जमशेदपुर, जासं। टिस्को ट्यूब निबंधित कर्मचारी पुत्रों ने मुंबई जाने के लिए भिक्षाटन शुरू कर दिया है। सभी निबंधित पुत्रों ने टेम्पो पर बैनर-पोस्टर लगाकर शहरवासियों से सहयोग राशि मांग रहे हैं। निबंधित कर्मचारी पुत्र कई वर्षो से टाटा स्टील में स्थायी नियोजन की मांग कर रहे हैं।
टाटा स्टील प्रबंधन ने भले ही 500 कर्मचारी पुत्रों की बहाली निकाली है लेकिन प्रबंधन ने निबंधित कर्मचारी पुत्रों की उम्र सीमा को 40 से बढ़ाकर 42 वर्ष ही किया है। ऐसे में लगभग 6500 निबंधित कर्मचारी पुत्र इस बहाली प्रक्रिया में शामिल होने से वंचित हो जाएंगे। निबंधित कर्मचारी पुत्रों ने कंपनी प्रबंधन से वन टाइम सेटेलमेंट दिए जाने की मांग की लेकिन जब बात नहीं बनी तो मामले को लेकर उप श्रमायुक्त के पास भी गए। उप श्रमायुक्त ने भी उनके मामले में किसी तरह की मदद करने से इंकार कर दिया। ऐसे में निबंधित कर्मचारी पुत्र पूरे मामले में मुंबई जाकर टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन रतन टाटा के पास जाकर अपनी बात रखने की तैयारी कर रहे हैं। निबंधित कर्मचारी पुत्र भिक्षाटन कर शहरवासियों से सहयोग राशि एकत्र कर रहे हैं।
निबंधित श्रमिक संघ ने की ये अपील
निबंधित श्रमिक संघ के सक्रिय सदस्य मोहन पांडेय का कहना है कि पिछले छह वर्षो से सत्ता पक्ष ने निबंधित कर्मचारी पुत्रों का कोई भला नहीं किया। हर बार उनके मामले को टाला गया। मोहन पांडेय सहित सभी निबंधित कर्मचारी पुत्रों ने टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी कमेटी मेंबरों से अपील की है कि आगामी चुनाव में सभी सदस्य विपक्ष को जीत दिलाए ताकि यूनियन में नेतृत्व परिवर्तन हो सके। वहीं, मोहन पांडेय ने सभी निबंधित कर्मचारी पुत्रों को सोमवार सुबह 10 बजे यूनियन कार्यालय के बाहर आमंत्रित किया है ताकि उनके आंदोलन के लिए आगे की रणनीति तैयार की जा सके।