कर्मचारियों के लिए आजीवन मेडिकल सुविधा बहाल करने पर अड़ी टिमकेन यूनियन
टिमकेन इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों की आजीवन मेडिकल सुविधा बहाल करने को लेकर एक बार फिर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता विफल रही।
जमशेदपुर,जागरण संवाददाता। टिमकेन इंडिया लिमिटेड के कर्मचारियों की आजीवन मेडिकल सुविधा बहाल करने को लेकर एक बार फिर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता विफल रही। कर्मचारियों के ग्रेड पर प्रबंधन-यूनियन की वार्ता हुई जिसमें पूर्व की तरह मेडिकल सुविधा बहाल करने की मांग उठी। यूनियन बगैर मेडिकल सुविधा पर सहमति बनाए किसी अन्य मुद्दे पर बातचीत शुरू करने पर तैयार नहीं हुई।
वार्ता में शामिल कंपनी के अधिकारियों ने अवकाश ग्रहण के बाद मेडिकल सुविधा बहाल करने के मामले मेंं असमर्थता जाहिर की। जिस पर यूनियन नेताओं ने इस मामले को कंपनी के वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही। नेताओं का कहना था कि टाटा समूह की अन्य कंपनियों की तर्ज पर यहां भी आजीवन मेडिकल सुविधा मिलनी चाहिए। यूनियन की पहल पर कर्मचारियों को कैशलेस दवा मिलना शुरू हुई है। अब सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आजीवन मेडिकल सुविधा बहाल कराने की मांग पर यूनियन अड़ी हुई है।कर्मचारियों का ग्रेड रिवीजन एक मई 2017 से लंबित है। वार्ता में प्रबंधन की ओर से सुमित शर्मा, दिनेश सिंह, टिमकेन यूनियन से एलपी सिंह, अनिल सिंह, संजय दत्ता व अनंत कुमार शामिल हुए।
टीआरएफ कर्मियों के ग्रेड पर एमडी से होगी बात
टीआरएफ (टाटा रॉबिंस फ्रेजर) लिमिटेड कंपनी में कर्मचारियों का ग्रेड एक अप्रैल-15 से (46 माह) लंबित है। वेतन पुनरीक्षण समझौते को लेकर कई बार प्रबंधन-यूनियन के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन समझौता नहीं हो पाया है। इधर कंपनी के एमडी शहर से बाहर हैं जो अगले सप्ताह आएंगे। अब उनके शहर आने पर ही कर्मचारियों के लंबित ग्रेड पर वार्ता होगी। यूनियन अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय एमडी से बात कर ग्रेड मामले का निराकरण कराएंगे। कंपनी के पुराने कर्मियों के ग्रेड का चार साल का समयांतराल 31 मार्च-19 में पूरा होने वाला है वहीं नए कर्मियों का ग्रेड दिसंबर-15 से लंबित है। पुराने कर्मियों की संख्या करीब 110 तो नए कर्मचारियों की संख्या 170 होगी।