जमशेदपुर एफसी की रिजर्व टीम में कोल्हान के तीन खिलाड़ी
Isl. इंडियन सुपर लीग की टीम जमशेदपुर एफसी ने अपने रिजव्र्स टीम में सात खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिसमें तीन खिलाड़ी कोल्हान के हैं।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर एफसी ने सुदूर ग्रामीण इलाकों के उदीयमान फुटबॉलर के सपनों को पंख लगाने में जुटा है। इसी क्रम में इंडियन सुपर लीग की इस टीम ने अपने रिजव्र्स टीम में सात खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिसमें तीन खिलाड़ी कोल्हान के हैं।
चाईबासा के कुमारडुंगी के टांगर तिरिलपी के जयपाल सिंह सिरका को ही लीजिए। अभी तक स्थानीय स्तर पर ही खेला करते थे। जमशेदपुर एफसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मुकुल विनायक चौधरी की नजर उनपर क्या पड़ी, सितारा चमक उठा। अब वह जेएफसी रिजव्र्स टीम के हिस्सा हैं। जयपाल के पिता बीर सिंह सिरका व मां सुखमती देवी मजदूर हैं। ऐसे ही गोलकीपर संजय बास्के व डिफेंडर घनश्याम मुमरू भी पूर्वी सिंहभूम के सुदूर ग्रामीण इलाकों से आते हैं। संजय बास्के नरवा पहाड़ के हैं और उनके भी पिता नंदलाल बास्के व मां सरस्वती बास्के मजदूरी करते हैं।
स्थानीय खिलाड़ियों को मिलता रहा है मौका
जमशेदपुर एफसी में स्थानीय खिलाड़ियों को मौका मिलता रहा है। धतकीडीह के रहने वाले गौरव मुखी को पहले जेएफसी रिजव्र्स में शामिल किया गया था, लेकिन उनकी प्रतिभा को देखते हुए जमशेदपुर एफसी के सीनियर टीम में मौका दिया गया। मोबासिर रहमान, गोराचंद मार्डी, अमृत, रवि भूमिज, रायसेन हांसदा व बासेत हांसदा जैसे खिलाड़ी जमशेदपुर के हैं, जिन्हें जेएफसी जूनियर में जगह मिली।
जमशेदपुर एफसी रिजव्र्स में शामिल हुए खिलाड़ी
-संजय बास्के-गोलकीपर-झारखंड, घनश्याम मुमरू-डिफेंडर-झारखंड
-जयपाल सिंह सिरका-मिडफील्डर-झारखंड, शुभंकर साना-विंगर-प. बंगाल
-इरफान खान-डिफेंडर-उत्तर प्रदेश, शोहराब अख्तर-स्ट्राइकर-महाराष्ट्र
-एम मारबावियांग-मिडफील्डर-नॉर्थ ईस्ट।
बेंचस्ट्रेंथ होगा मजबूत : मुकुल
जमशेदपुर एफसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मुकुल विनायक चौधरी ने बताया कि जमशेदपुर एफसी रिजव्र्स में अभी 27 खिलाड़ी को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि टीम प्रबंधन का मकसद बेंचस्ट्रेंथ को मजबूत करना है। अभी गौरव मुखी को अपग्रेड कर सीनियर टीम में भेजा गया है। गौरव की तरह कोई और खिलाड़ी प्रदर्शन करता है तो उसके लिए खुला मौका है। सेकेंड डिवीजन आइ लीग में जेएफसी रिजव्र्स के खराब प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुकुल ने कहा कि यहां जीत हार मायने नहीं रखता।