झामुमो को झटका, चक्रधरपुर नगर समिति से तीन ने दिया त्याग पत्र
कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम से जहां नवगठित झामुमो चक्रधरपुर नगर समिति से तीन पदाधिकारियों ने त्याग पत्र दे दिया है।
जमशेदपुर/चक्रधरपुर(जेएनएन)। ज्यों-ज्यों चुनाव नजदीक आ रहे हैं पार्टियों की अंदरूनी गुटबाजी भी सतह पर आ रही है। पार्टी के वरीय नेता जहां कार्यकर्ताओं को एका का पाठ पढ़ा हैं और गिले-शिकबे भूलकर पार्टी को चुनावों में बेहतर स्थिति में खड़े करने के लिए काम करनेकी अपील कर रहे हैं वही निचले स्तर पर कड़वी हकीकत सामने आ ही जा रही है। ताजा मामला कोल्हान के पश्चिमी सिंहभूम से जहां नवगठित झामुमो चक्रधरपुर नगर समिति से तीन पदाधिकारियों ने त्याग पत्र दे दिया है। इससे एकबार फिर झामुमो का सांगठनिक विवाद सामने आया है।
स्थानीय वन विश्रामागार में संवाददाता सम्मेलन कर नगर उपाध्यक्ष संजय राम चंदेलिया समेत कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद जमाल व मुरारी प्रजापति ने त्याग पत्र दिया। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष ने जिले के विधायकों एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से बिना विचार-विमर्श किए ही समिति का गठन किया है। यह झामुमो के संविधान के खिलाफ है। पार्टी में किसी तरह की गुटबाजी नहीं हो, इसलिए पद से त्याग पत्र दे रहे हैं।
त्यागपत्र देने वाले नेताओं ने कहा कि पार्टी में वे सच्चे सिपाही के रूप में अपनी सेवा देते रहेंगे। सम्मेलन में मौजूद पूर्व जिला उपाध्यक्ष सरवर नेहाल उर्फ नज्जू और पूर्व नगर अध्यक्ष शेख फिरोज ने कहा कि तीनों नेताओं का त्यागपत्र संगठन हित में है। इससे पार्टी में अच्छा संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में निर्णय सामूहिक रूप से होने चाहिए, ताकि एकता बनी रहे। लेकिन बिना विचार-विमर्श और सहमति के निर्णय लेने से संगठन को नुकसान उठाना पड़ता है। मौके पर मोहम्मद सलीम, दुर्गा महतो, तफज्जुल हुसैन आदि भी उपस्थित रहे।