घाटशिला के गुड़ाबंदा में 170 ग्राम पन्ना पत्थर के साथ कानपुर निवासी समेत तीन गिरफ्तार
गुडाबंदा थाना की पुलिस ने 170 ग्राम पन्ना पत्थर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें उतर प्रदेश के कानपुर निवासी विवेक गुप्ता जमशेदपुर के मानगो निवासी मो निजामुद्दीन और गुडाबंदा के सनातन श्यामल शामिल हैं।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला अनुमंडल के गुडाबंदा थाना की पुलिस ने 170 ग्राम पन्ना पत्थर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें उतर प्रदेश के कानपुर निवासी विवेक गुप्ता, जमशेदपुर के मानगो निवासी मो निजामुद्दीन और गुडाबंदा के सनातन श्यामल शामिल हैं। बरामद पत्थर की कीमत 10 लाख बतायी जा रही है। सभी आरोपितों के खिलाफ गुडाबंदा थाना में अवैध उत्खनन और पत्थरों की खरीद बिक्री किए जाने की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विवेक गुप्ता खरीददार है और मो निजामुद्दीन दलाल और सनातन श्यामल विक्रेता है। लंबे समय बाद तीन लोग पत्थर की खरीद बिक्री के आरोप में पकड़े गए हैं। आरोपितों की कार और बाइक भी जप्त की गई है। गुडाबंदा थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस ने गोपनीय सूचना पर कार्रवाई कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। तीनों छोटा अस्ति में पत्थर की खरीद बिक्री कर रहे थे। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को अदालत में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गौरतलब है कि गुडाबंदा इलाके में पत्थरों का उत्खनन लंबे अर्से से जारी है। कई बार राजस्थान और ओडिशा समेत कई इलाके के पत्थर कारोबारी पकड़े गए हैं। पहले नक्सली इलाके में पत्थरों का उत्खनन कराते थे। इलाके के नक्सली कान्हू मुंडा और उसके दस्ते ने 2017 को पूरे दस्ते के साथ पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था।