Weather Alert : चलेगी तेज हवाएं, जानिए झारखंड के किन जिलों में होगी बारिश Jamshedpur News
Weather Alert. अगले 120 घंटे झारखंड के कोल्हान के लिए दुश्वारियों भरा रहेगा। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। सबसे ज्यादा बारिश 7 मार्च को 7 मिमी होगी।
जमशेदपुर, जेएनएन। There will be continuous rains in many districts of Jharkhand मौसम का मिजाज अभी बदला-बदला रहेगा। बारिश परेशानी बढ़ाती रहेगी। अगले 120 घंटे झारखंड के कोल्हान के लिए दुश्वारियों भरा रहेगा। बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के इस अनुमान के अनुरूप बुधवार शाम से ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गईंं और मौसम का मिजाज भी बदल गया।
पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई अनुसंधान केंद्र के तकनीकी पदाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि अगले 120 घंटे में पूर्वी सिंहभूम जिले के साथ ही आसपास के जिलों में 15 मिलीमीटर बारिश होने की पूरी संभावना है। इस दौरान मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 19 से 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान 5 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा बारिश 7 मार्च को 7 मिलीमीटर होने की संभावना है। वैसे 4, 5, 6 एवं 8 मार्च को 2, 3 और 1 मिलीमीटर बारिश होगी। आसमान में छिट-पुट बादल छाए रहेंगे। 8 मार्च को धूप के साथ दिन साफ होने की संभावना है।
बारिश की भेंट चढ़ी संस्थापक दिवस की खुशी
लौहनगरी जमशेदपुर में चल रहे संस्थापक दिवस समारोह की खुशी मंगलवार को बारिश की भेंट चढ़ गई थी। दोपहर बाद तेज हवा के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया था। तेज हवा के कारण जुबिली पार्क, सर्किट हाउस एरिया, मरीन ड्राइव समेत कई स्थानों में पेड़ों की डालियां टूटकर गिरी थी। तेज हवा के साथ हुई बारिश के कारण जहां शहर के कई क्षेत्रों में बिजली सेवा बाधित हुई थी, वहीं जुबिली पार्क में की गई विद्युत सज्जा की प्रदर्शनी भी मंगलवार को रोक दी गई।
पहले ही जताई गई थी बारिश की संभावना
मौससम विभाग ने पहले ही बारिश होने की संभावना जताई थी। पूर्वानुमान में शहर और आसपास के क्षेत्रों में आने वाले शनिवार तक रोज बारिश होने की संभावना जताई गई है। मंगलवार को शहर और आसपास के क्षेत्रों में सुबह धूप खिली रही थी। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बदला और आसमान काले बादलों से ढंक गया। देखते ही देखते तेज हवा चलने लगी। तेज हवा के कारण जगह-जगह पेड़ों से डालियां टूटकर गिरी। कई स्थानों में झोपडिय़ों के छत उड़ गए। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को शाम पांच बजे तक 3.4 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बुधवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। मंगलवार को जमशेदपुर शहर का अधिकतम तापमान 30.0 और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।