Jamshedpur News : आंध्र की संस्थाओं की पूजा की भव्यता व सुंदरता की बात ही अलग है : डीसी
जमशेदपुर में आंध्र की संस्थाओं द्वारा नवरात्र का आयोजन किया जा रहा है। आंध्र एसोसिएशन कदमा की कुमकुम पूजा में सरायकेला खरवावां के डीसी अरवा राजकमल भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आंध्र वासियों को संबोधित किया। कुमकुम पूजा में 112 महिलाओं ने भाग लिया।
जासं, जमशेदपुर : जमशेदपुर में आंध्र समाज की कई संस्थाअों द्वारा शारदीय नवरात्र उत्सव का आयोजन हो रहा है। आंध्र एसोसिएशन कदमा, बिष्टुपुर राम मंदिर, लोको राम मंदिर में यह आयोजन हो रहा है। आंध्र एसोसिएशन कदमा में रविवार को शारदीय नवरात्र पर कुमकुम पूजा का आयोजन किया गया। इसमें 112 महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान महिलाओं को पंडित गौरैया शास्त्री ने मंत्रोच्चारण के बीच कुमकुम पूजा से माता सरस्वती को प्रसन्न किया। यहां माता सरस्वती की प्रतिमा स्थापित कर पूरे दस दिन पूजा अर्चना होती है। कुमकुम पूजा के समापन पर सरायकेला-खरसावां के डीसी अरवा राजकमल सपत्नी अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस मौके पर उन्होंने माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद डीसी अरवा राजकमल ने कहा कि आंध्र की संस्थाओं की पूजा की भव्यता व सुंदरता की बात ही कुछ अलग है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में सभी समाज के लोग माता दुर्गा की आराधना करते हैं। ऐसे में आंध्र की समाज की संस्थाओं द्वारा भी इस पूजा का आयोजन शहर में हो रहा है यह अच्छी बात है। इस मौके पर आंध्र एसोसिएशन के महासचिव ए भास्कर राव, उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव समेत कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
यूनाइटेड क्लब में रही डांडिया की धूम
बिष्टुपुर यूनाइटेड क्लब में नवरात्र पर डांडिया का आयोजन किया गया। इसमें 24 महिलाओं की ग्रुप ने भाग लिया। इसमें डा. शीला व प्रिंयका तिवारी, संध्या व रीना, निधि व जरीन, मीनाक्षी व डा. कृति, दीपमाला व ज्योति, डा. श्वेता व नीतू, रश्मि व प्रीति तथा अंजू व स्नेहा का ग्रुप ने समां बांधा। पहले माता रानी का भजन और उसके बाद माता रानी का कैसे-कैसे श्रृंगार हुआ, उनका हम कैसे आदर करते हैं और स्वागत करते हैं इस पर फोकस करके यहां डांडिया व गरबा का आयोजन किया गया।