आज से टाटा-हटिया एक्सप्रेस का बदला रूट, आद्रा ब्लॉक के कारण कई मेमू ट्रेनें भी रद, 18 ट्रेनें 8 घंटे तक लेट
चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी जारी है, जिससे टाटानगर स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी हो रही है। सोमवार ...और पढ़ें

फाइल फोटो।
HighLights
टाटा-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग बदला, कई मेमू रद।
विधायक सरयू राय आज टाटानगर स्टेशन पर करेंगे प्रदर्शन।
जासं, जमशेदपुर । चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की लेटलतीफी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को भी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ा।
एलीट क्लास की सुपरफास्ट ट्रेनों से लेकर पैसेंजर मेमू तक, कुल 18 प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से लेकर करीब आठ घंटे की देरी से पहुंचीं।
प्रीमियम और एक्सप्रेस ट्रेनों का बुरा हाल
सोमवार को सबसे ज्यादा प्रभावित मुंबई और दिल्ली रूट की ट्रेनें रहीं। ओखा-शालीमार साप्ताहिक सुपरफास्ट अपने समय से 7 घंटे 49 मिनट की देरी से पहुंची, जबकि सीएसटीएम-हावड़ा सुपरफास्ट 7 घंटे 37 मिनट लेट रही।
विलंब से आने वाली प्रमुख ट्रेनें :
- पुरुषोत्तम एक्सप्रेस: 2 घंटे 10 मिनट विलंब।
- साउथ बिहार एक्सप्रेस: 4 घंटे 05 मिनट विलंब।
- आजाद हिंद एक्सप्रेस (अप/डाउन): 3 से 5 घंटे की देरी।
- कलिंग उत्कल एक्सप्रेस: 4 घंटे 53 मिनट विलंब।
- स्टील एक्सप्रेस: नियमित होने के बावजूद 40 मिनट लेट।
- मेमू ट्रेनें: झाड़ग्राम और गुवा मेमू भी 2 से 4 घंटे तक लेट रहीं।
आज टाटानगर स्टेशन पर होगा प्रदर्शन
ट्रेनों के इस बदहाल परिचालन के खिलाफ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मंडल के डीआरएम (DRM) के साथ उनकी लंबी वार्ता हुई थी, जिसमें सुधार का भरोसा दिया गया था।
इसके बावजूद सोमवार को स्थिति जस की तस रहने पर विधायक आज (7 अप्रैल) टाटानगर रेलवे स्टेशन पर धरना प्रदर्शन करेंगे। यात्रियों का आरोप है कि रेलवे केवल मालगाड़ियों को प्राथमिकता दे रहा है, जिससे आम जनता का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है।
रूट डायवर्जन और रद ट्रेनें
आद्रा डिवीजन में चल रहे रेल विकास कार्यों (ब्लॉक) के कारण यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ने वाली हैं।
- टाटा-हटिया एक्सप्रेस (18601): 7, 8 और 11 अप्रैल को यह ट्रेन अपने नियमित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग चांडिल-गुंडा बिहार-मुरी होकर चलेगी।
- मेमू ट्रेनें: आद्रा डिवीजन की चार जोड़ी मेमू ट्रेनों को विभिन्न तिथियों में रद किया गया है।
