टाटानगर स्टेशन पुनर्विकास: मिट्टी की जांच के बाद तय होगी फाउंडेशन की मजबूती, जल्द बंद होगा गोलपहाड़ी का पुराना मार्ग
टाटानगर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत नई इमारत के लिए मिट्टी की तकनीकी जांच शुरू हो गई है, जिससे नींव की मजबूती तय होगी।

टाटानगर स्टेशन के बर्मामाइंस छोर के प्रस्तावित स्थल पर विशेषज्ञों की टीम ने मिट्टी की जांच का काम शुरू कर दिया है।
HighLights
जांच से नई इमारत की नींव की मजबूती तय होगी।
गोलपहाड़ी मार्ग बंद होगा, वैकल्पिक सड़क अंतिम चरण में।
जासं, जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के तहत अत्याधुनिक नई इमारत के निर्माण की दिशा में मंगलवार से तकनीकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
स्टेशन के नॉर्थ साइड (बर्मामाइंस छोर) के प्रस्तावित स्थल पर विशेषज्ञों की टीम ने मिट्टी की जांच (सॉइल टेस्टिंग) का काम शुरू कर दिया है।
हाइड्रोलिक बोरिंग मशीनों के माध्यम से विभिन्न बिंदुओं पर 20 से 30 मीटर गहराई तक ड्रिलिंग करके मिट्टी और चट्टानों के नमूने जुटाए जा रहे हैं।
इसी वैज्ञानिक रिपोर्ट के आधार पर प्रस्तावित बहुमंजिला इमारत की नींव (फाउंडेशन) और पिलर की संरचना तय की जाएगी।
क्या है सॉइल टेस्टिंग का उद्देश्य?
तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार, इस जांच का प्राथमिक उद्देश्य जमीन की भार वहन क्षमता (लोड बेयरिंग कैपेसिटी), भूमिगत जलस्तर और शैल परतों की मजबूती को मापना है।
नॉर्थ साइड में एक विशाल बहुमंजिला यात्री व प्रशासनिक परिसर का निर्माण होना है, जिसके ऊपर से रूफ प्लाजा (एयर concourse) भी जुड़ेगा।
रेल पटरियों के बेहद करीब होने के कारण 24 घंटे गुजरने वाली भारी ट्रेनों के कंपन और भविष्य के भूकंपीय झटकों को सहने योग्य मजबूत ढांचा तैयार करने के लिए यह जांच अनिवार्य है।
वैकल्पिक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में
लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही पाइलिंग और गहरी खुदाई का काम शुरू होगा। इस विशाल निर्माण कार्य के लिए स्टेशन परिसर की जमीन खाली कराने की प्रक्रिया भी तेजी से चल रही है।
इसके तहत स्टेशन से गोलपहाड़ी जाने वाले मौजूदा मार्ग को जल्द ही पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। इसके विकल्प के रूप में संकटा सिंह पेट्रोल पंप के पास से गोलपहाड़ी के लिए नई वैकल्पिक सड़क बनाई जा रही है, जो अब अपने अंतिम चरण में है।
उल्लेखनीय है कि पूरे पुनर्विकास मास्टर प्लान के तहत टाटानगर में प्लेटफार्मों की संख्या बढ़ाकर नौ की जानी है, साथ ही एक नया रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और फोरलेन पहुंच मार्ग भी प्रस्तावित है।