टाटानगर-बदामपहाड़ रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, बचेंगे 3 घंटे; जीएम के दौरे के बाद इन रूटों पर मिलेंगी नई सुविधाएं
सांसद बिद्युत बरण महतो ने रेल महाप्रबंधक अनिल जैन से मुलाकात कर टाटानगर में ट्रेनों का रिजर्वेशन कोटा बढ़ाने और ...और पढ़ें

रेल जीएम अनिल जैन ने किया रांची-ओरगा से चक्रधरपुर, टाटानगर और बदामपहाड़ सेक्शन का दौरा।
HighLights
सांसद ने टाटानगर में ट्रेनों का रिजर्वेशन कोटा बढ़ाने की मांग की।
गोविंदपुर हाल्ट को विकसित कर स्टेशन बनाने की प्रक्रिया जारी।
रेल महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं और संरक्षा पर विशेष जोर दिया।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटानगर महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन होने के साथ वीआइपी मूवमेंट और औद्योगिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र है इसलिए यहां से गुजरने वाली प्रमुख ट्रेनों में टाटानगर का रिर्जेवेशन कोटा बढ़ाया जाए। सांसद बिद्युत बरण महतो ने गुरुवार शाम टाटानगर स्टेशन पहुंचे रेल महाप्रबंधक से उनके विशेष ट्रेन में जाकर मुलाकात की।
20 मिनट तक चली इस वार्ता में सांसद ने क्षेत्र की विभिन्न रेल समस्याओं और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जल्द पहल करने का आग्रह किया। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने बताया कि रिर्जेवेशन कोटा बढ़ाने की मांग मैंने पहले ही रेलमंत्री से कर दी है।
वहीं, चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि गोविंदपुर हाल्ट को विकसित कर स्टेशन बनाया जाएगा, इसके लिए प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही वैसी ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू किया जाएगा जो कोविड-19 के बाद से बंद है। वहीं, सांसद ने बताया कि सुबह की खड़गपुर पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव फिर से शुरू कराने की मांग रेलमंत्री से भी की गई है।
ट्रेनों की समयबद्धता पहले की अपेक्षा हुई है बेहतर
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) अनिल जैन ने कहा कि जोन से होकर चलने वाली ट्रेनों की समयबद्धता पहले से बेहतर हुई है। जैसे-जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार होगा, इसमें और सुधार होगा।
रेल महाप्रबंधक गुरुवार सुबह रांची-ओरगा होते हुए चक्रधरपुर, चक्रधरपुर से टाटानगर और टाटानगर से बदामपहाड़ सेक्शन का खिड़की निरीक्षण करते हुए शाम लगभग पौने आठ बजे अपने विशेष ट्रेन से टाटानगर स्टेशन पहुंचे।
स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदामपहाड़-रायरंगपुर में नए स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है जो इस माह के अंत तक पूरा हो जाएगा।
निरीक्षण के दौरान मैंने विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई और कमियों के समाधान का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान उनका विशेष जोर यात्री सुविधाओं और संरक्षा (सेफ्टी) पर रहा। उन्होंने अधिकारियों को संरक्षा से जुड़े कार्यों में और तेजी लाने का निर्देश दिया।
सांसद की प्रमुख मांगें
- बारीगोड़ा-गोविंदपुर रेल ओवरब्रिज के निर्माण के लिए बिडिंग प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द भूमिपूजन कराकर काम शुरू हो।
- सांसद ने सुझाव दिया कि बदामपहाड़ की रैक को रात में टाटानगर लाकर खड़ा करने के बजाय बदामपहाड़ स्टेशन में ही रखा जाए और सुबह ट्रेन चलायी जाए। शाम में ट्रेन वापस बदामपहाड़ लौटे। इससे पोटका समेत आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले मजदूरों को काफी सुविधा मिलेगी।
- सांसद ने बताया कि डीआरएम ने बागबेड़ा वायरलेस मैदान के सौंदर्यीकरण का आश्वासन दिया है। मैदान के दोनों छोर पर हाईमास्ट लाइट और पौधारोपण कराया जाएगा।
- टाटानगर में वंदे भारत डिपो निर्माण पर रेलमंत्री की ओर से चरणबद्ध तरीके से सभी कार्य कराने की बात कही गई है।
- बदामपहाड़-क्योंझर बाइपास रेललाइन में सर्वे का काम पूरा हो चुका है। नई रेललाइन बनने पर ट्रेनें खड़गपुर गए बिना सीधे भुवनेश्वर रूट से जुड़ सकेंगी। इससे करीब तीन घंटे समय की बचत होने की उम्मीद है।
- क्रिया योग एक्सप्रेस का चाकुलिया में वापसी दिशा में ठहराव : ट्रेन के आते समय चाकुलिया में ठहराव है, लेकिन जाते समय नहीं। सांसद ने बताया कि रेलमंत्री ने वापसी दिशा में भी ठहराव की अनुमति दे दी है। शुभ दिन देखकर जल्द ठहराव शुरू कराया जाएगा।
सुंदरनगर-कुदादा के पास बनेगा चार प्लेटफार्म वाला नया स्टेशन
पत्रकारों से बात करते हुए डीआरएम ने बताया कि बदामपहाड़ सेक्शन में सुंदरनगर-हाता-कुदादा के आसपास चार प्लेटफार्म वाला नया रेलवे स्टेशन विकसित करने की योजना है। इससे टाटानगर में रैक रखने की समस्या कम होगी और पोटका क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
वहीं, उन्होंने बताया कि चक्रधरपुर मंडल में कांड्रा स्टेशन के विकास की भी योजना है। साथ ही चांडिल-नीमडीह रेललाइन का सर्वे चल रहा है। इसके बनने से झाड़ग्राम के लिए नया बाइपास तैयार होगा।
राष्ट्रपति का इसी माह कार्यक्रम प्रस्तावित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का संभवत: 25-26 अक्टूबर को रायरंगपुर का दौरा प्रस्तावित है। जहां वे रायरंगपुर व बदामपहाड़ में अमृत भारत योजना से बने दो नए स्टेशन बिल्डिंग का उद्घाटन करेंगी।
ऐसे में रेल महाप्रबंधक अनिल जैन ने बदामपहाड़ सेक्शन का दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया। साथ ही इस सेक्शन में ट्रेनों की गति सीमा को 75 से बढ़ाकर 90 किलोमीटर प्रतिघंटा करने की योजना प्रस्तावित है।
राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए रेलवे बोर्ड के अधिकारी भी जल्द ही सेक्शन का दौरा करने वाले हैं। वहीं, सांसद ने बताया कि बदामपहाड़ सेक्शन जब क्योंझर से जुड़ जाएगा तो इस सेक्शन को डबल लाइन करने की मांग भी रेल मंत्री से की जाएगी।
