जासं, जमशेदपुर। टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ बांबे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने के कुछ ही घंटों के भीतर टाटा ट्रस्ट के भीतर के मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।
सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) के उपाध्यक्ष विजय सिंह और वेणु श्रीनिवासन ने इस कानूनी कदम का विरोध करते हुए महाराष्ट्र के चैरिटी कमिश्नर अमोघ कलोटे को पत्र लिखा है।
दोनों ने मुकदमा दायर करने के फैसले की तत्काल जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि इससे भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) के नियमों की अनुपालना बाधित होगी।
तीन-दो के बहुमत से पारित हुआ था प्रस्ताव
चैरिटी कमिश्नर को सौंपे गए प्रतिवेदन में विजय सिंह ने स्पष्ट किया कि उन्होंने और वेणु श्रीनिवासन ने बोर्ड बैठक में मुकदमे के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया था।
हालांकि, पांच सदस्यीय ट्रस्टी बोर्ड में तीन ट्रस्टियों के संख्यात्मक बहुमत से इसे पारित कर दिया गया। इस बोर्ड में नोएल टाटा, प्रस्ताव लाने वाले भास्कर भट, नेविल टाटा (नोएल टाटा के पुत्र), वेणु श्रीनिवासन और विजय सिंह शामिल हैं।
सिंह ने कहा कि वे शेयरधारकों के अधिकारों की वैध रक्षा के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन धर्मार्थ ट्रस्ट के संसाधनों व उद्देश्यों की रक्षा तथा नियामक अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए इस फैसले की जांच बेहद जरूरी है।
कामकाज ठप होने की आशंका
शिकायत में गंभीर चिंता जताई गई है कि यह मुकदमा केवल 17 सितंबर को एन. चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति तक सीमित नहीं है।
इसके जरिए टाटा संस के 'आर्टिकल 121' और '104बी' की ऐसी व्यापक व्याख्या की मांग की जा रही है, जिससे 'आर्टिकल 104बी' के निदेशकों के बहुमत की सहमति के बिना बोर्ड का कोई भी निर्णय वैध न रहे और चेयरमैन के पास 'कास्टिंग वोट' (निर्णायक मत) का विकल्प न बचे।
पत्र में कहा गया है कि मुकदमे में मांगी गई अंतरिम रोक से टाटा संस का बोर्ड कोई भी प्रस्ताव पारित या लागू नहीं कर सकेगा।
इसका सीधा असर 30 नवंबर को होने वाली महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक पर पड़ेगा, जिसमें आरबीआइ की लिस्टिंग समयसीमा और उसके क्रियान्वयन पर अंतिम निर्णय लिया जाना है।
नियामक निर्देशों को विफल करने का आरोप
विजय सिंह ने कड़े शब्दों में कहा कि आंतरिक अनुच्छेदों का इस्तेमाल किसी नियामक निर्देश को विफल करने के 'पिछले दरवाजे' के रूप में नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि आरबीआइ ने 30 सितंबर 2022 को टाटा संस को 'अपर-लेयर एनबीएफसी' (NBFC) घोषित किया था, जिसकी स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग की समयसीमा 30 सितंबर 2025 तय की गई थी।
इसके बाद 11 सितंबर 2026 को आरबीआइ ने टाटा संस का पंजीकरण सरेंडर करने का आवेदन खारिज कर दिया था। साथ ही, 16 नवंबर को स्पष्ट निर्देश दिया था कि बिना किसी छूट के लिस्टिंग सहित सभी नियमों का पालन किया जाए।
ट्रस्ट के दोनों उपाध्यक्षों का मानना है कि हाईकोर्ट में दायर इस मुकदमे से कंपनी में एक अस्वीकार्य गतिरोध पैदा हो जाएगा।