विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निगेटिव वर्किंग कैपिटल के बावजूद दौड़ रही टाटा स्टील, वित्तीय सफलता का क्या है राज?

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:00 AM (IST)

टाटा स्टील निगेटिव वर्किंग कैपिटल के आक्रामक मॉडल पर सफलतापूर्वक काम कर रही है, जहां उसकी चालू देनदारियां संपत्तियों से 27 हजार करोड़ रुपये अधिक हैं।

संपत्ति से 27 हजार करोड़ अधिक देनदारी, चार दिन में वसूली का कमाल।

संपत्ति से 27 हजार करोड़ अधिक देनदारी, चार दिन में वसूली का कमाल।

HighLights

  1. टाटा स्टील की देनदारियां संपत्ति से 27 हजार करोड़ अधिक।

  2. आपूर्तिकर्ताओं से भारी क्रेडिट पर निर्भर है कंपनी का संचालन।

  3. ग्राहकों से मात्र चार दिन में होती है पूरी वसूली।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सामान्य वित्तीय नियमों के अनुसार किसी कंपनी की चालू संपत्ति (करेंट एसेट्स) उसकी देनदारियों से अधिक होनी चाहिए, लेकिन टाटा स्टील इसके ठीक उलट निगेटिव वर्किंग कैपिटल (नकारात्मक कार्यशील पूंजी) के आक्रामक माडल पर सफलतापूर्वक काम कर रही है। सेबी को दी गई जानकारी में कंपनी और ऑडिटर दोनों ने स्पष्ट रूप से दर्ज किया है कि कंपनी का नेट वर्किंग कैपिटल नकारात्मक है।

चालू देनदारियों का भारी दबाव

स्टैंडअलोन बैलेंस शीट के मुताबिक, 30 सितंबर तक कंपनी के पास कुल चालू संपत्तियां (इन्वेंट्री, कैश, डेटर्स आदि) 37,947.53 करोड़ रुपये थीं, जबकि इसके मुकाबले चालू देनदारियां (वह भुगतान जो एक साल में करना है) 65,283.47 करोड़ रुपये दर्ज की गईं।

यानी चालू देनदारियां संपत्ति से सीधे तौर पर 27,335.94 करोड़ रुपये अधिक हैं। कंसोलिडेटेड स्तर पर भी चालू संपत्तियां 79,377.65 करोड़ और देनदारियां 96,930.70 करोड़ रुपये हैं, जिससे करंट रेशियो गिरकर 0.89 और स्टैंडअलोन पर 0.65 रह गया है।

आपूर्तिकर्ताओं के भरोसे चल रहा चक्र

नकारात्मक कार्यशील पूंजी के बावजूद कंपनी बिना किसी वित्तीय रुकावट के चल रही है। इसका सबसे बड़ा कारण आपूर्तिकर्ताओं और वेंडरों से मिलने वाला भारी क्रेडिट है। स्टैंडअलोन स्तर पर टाटा स्टील को कच्चे माल और सेवाओं के आपूर्तिकर्ताओं का 17,750.30 करोड़ रुपये (ट्रेड पेयबल्स) और बैंकों के लेटर ऑफ क्रेडिट (एक्सेप्टेंस) का 7,582.48 करोड़ रुपये चुकाना बाकी है। यानी 25,332 करोड़ रुपये से अधिक का कच्चा माल कंपनी उधारी पर लेकर उत्पादन कर रही है।

मात्र चार दिन में ग्राहकों से वसूली

कंपनी की सबसे बड़ी ताकत उसकी बेहद सख्त वसूली प्रणाली है। बैलेंस शीट के अनुपात बताते हैं कि टाटा स्टील का डेटर्स टर्नओवर रेशियो मात्र चार दिन है। यानी स्टील बेचने के महज चार दिनों के भीतर कंपनी अपने ग्राहकों से पूरा पैसा वसूल कर लेती है।

जबकि अपनी उधारी चुकाने के लिए उसे लंबा समय मिलता है। इस रणनीति से कंपनी को रोजमर्रा के काम के लिए महंगे बैंक कर्ज पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।