Jamshedpur News : ट्यूब्स डिवीजन और टाटा कलर्स के बदलाव से कर्मचारियों को घबराने की जरूरत नहीं, प्रबंधन ने दिया भरोसा
टाटा स्टील के ट्यूब्स डिवीजन और टाटा कलर्स के एपीएल अपोलो ट्यूब्स में शामिल होने पर प्रबंधन ने कर्मचारियों को आश्वस्त किया है।

टाटा स्टील के ट्यूब्स डिवीजन और टाटा कलर्स लिमिटेड के एपीएल अपोलो ट्यूब्स से जुड़ने के बाद कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
HighLights
कर्मचारियों के भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वर्तमान भूमिकाएं और कंपनी की नीतियां यथावत रहेंगी।
बाजार रणनीति और कोटेड स्टील कारोबार विस्तार का लक्ष्य।
जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील के ट्यूब्स डिवीजन और टाटा कलर्स लिमिटेड के एपीएल अपोलो ट्यूब्स में शामिल होने की खबर के बाद कर्मचारियों के बीच भविष्य को लेकर उठ रही आशंकाओं पर कंपनी प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।
टाटा कलर्स के प्रबंध निदेशक प्रवीण वी. थम्पी ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से यूनियन नेतृत्व को आश्वस्त किया कि इस व्यावसायिक बदलाव से कर्मचारियों के भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
कर्मचारियों और अधिकारियों की वर्तमान भूमिका तथा कंपनी की नीतियां पहले की तरह ही यथावत रहेंगी।
सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे पुणे स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय से जुड़े प्रबंध निदेशक ने लगभग एक घंटे तक यूनियन नेतृत्व के साथ संवाद किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय कंपनी की बाजार रणनीति और कोटेड स्टील कारोबार को विस्तार देने के उद्देश्य से लिया गया है।
इससे कंपनी के मौजूदा व्यवसाय पर किसी प्रकार का नकारात्मक असर नहीं पड़ेगा। पूरी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारियां चरणबद्ध तरीके से भविष्य में कर्मचारियों के साथ साझा की जाएंगी।
इस वर्चुअल बैठक में प्रबंधन की ओर से सीएचआरओ अनीषा, राजेश त्रिपाठी और डीजीएम (आईआर) शामिल हुए।
सुबह पांच बजे हुई थी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक
प्रबंधन की ओर से जानकारी दी गई कि रविवार सुबह पांच बजे आयोजित बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इस महत्वपूर्ण रणनीतिक पहल पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
प्रबंधन ने इसे कंपनी के व्यावसायिक विस्तार से जुड़ा दूरगामी कदम बताते हुए कर्मचारियों को किसी भी तरह की चिंता न करने का भरोसा दिलाया।
एपीएल अपोलो से जुड़ने पर ट्यूब्स कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार
टाटा स्टील के ट्यूब्स डिवीजन और टाटा कलर्स लिमिटेड के एपीएल अपोलो ट्यूब्स से जुड़ने के बाद कारोबार को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इस फैसले के बाद सोमवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष नेतृत्व ने कंपनी की चीफ पीपल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल से उनके कार्यालय में मुलाकात कर पूरे विषय की जानकारी ली।
बैठक में यूनियन को बताया गया कि यह बदलाव कंपनी की दीर्घकालिक बाजार रणनीति का हिस्सा है।
प्रबंधन ने बताया कि ट्यूब्स कारोबार में एपीएल अपोलो ट्यूब्स का बाजार काफी व्यापक है और इस क्षेत्र में उसकी 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदारी है।
अब तक कंपनी अपने उत्पादन के लिए बाहर से स्टील खरीदती थी, लेकिन टाटा स्टील से जुड़ने के बाद उसे कच्चे माल की सुगम आपूर्ति और मजबूत औद्योगिक आधार का लाभ मिलेगा।
इससे टाटा स्टील के ट्यूब्स कारोबार का वॉल्यूम बढ़ेगा और डाउनस्ट्रीम उत्पादों के बड़े बाजार में उसकी पकड़ और मजबूत होगी।