विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर में टाटा स्टील के 1900 कर्मचारियों को राहत, मिलेगा बकाया वेतन; PF और ग्रेच्युटी में भी जुड़ेगी राशि

Published: Mon, 26 Oct 2026 10:16 PM (IST)

टाटा स्टील के लगभग 1900 कर्मचारियों को वेतन विसंगति मामले में राहत मिलेगी।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर। (जागरण)

HighLights

  1. 1900 कर्मचारियों को वेतन विसंगति मामले में मिलेगी राहत।

  2. वार्षिक वेतनवृद्धि की अंतर राशि व्यक्तिगत वेतन में जुड़ेगी।

  3. एनएस श्रेणी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील में 2200 में से लगभग 1900 कर्मचारियों को वेतन विसंगति के मामले में राहत मिलेगी।

वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि में बदलाव के कारण जिन कर्मचारियों को संशोधित वेतन निर्धारण के समय कम लाभ मिला था, उन्हें अंतर की राशि व्यक्तिगत वेतन के रूप में दी जाएगी।

यह राशि उनकी पूर्व निर्धारित वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि से प्रभावी होगी। खास बात यह है कि जिन कर्मचारियों को पहले ही वेतन निर्धारण का लाभ मिल चुका है, उनसे किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।

सोमवार को टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व के बीच विसंगति समिति की बैठक हुई। इसके बाद शीर्षस्थ नेतृत्व ने यूनियन कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक कर प्रबंधन के साथ हुई चर्चा और निर्णयों की जानकारी दी गई।

यह बैठक शाम सवा छह से रात आठ बजे तक चली। मालूम हो कि टाटा स्टील में 19 माह की देरी के बाद जून माह वेतन समझौता हुआ था जिसके बाद कर्मचारियों के सामने वरीयता के कारण इंक्रीमेंट की तारीख आगे कर दिए जाने का मामला उत्पन्न हुआ था।

भविष्य निधि और ग्रेच्युटी की गणना में भी जुड़ेगी राशि

वेतनवृद्धि की तिथि में बदलाव के मामले में प्रबंधन ने बताया कि यह व्यवस्था वर्ष 1970 के वेतन समझौते से चली आ रही है। वेतन में एकरूपता बनाए रखने के लिए बंचिंग के कारण कुछ कर्मचारियों की वार्षिक वेतनवृद्धि की तिथि बदली गई थी।

यूनियन ने इस मामले को विसंगति समिति के दायरे से बाहर बताते हुए कर्मचारियों को हुए नुकसान का मुद्दा उठाया।
चर्चा के बाद तय हुआ कि पात्र कर्मचारियों को अंतर की राशि व्यक्तिगत वेतन के रूप में मिलेगी।

इसकी गणना भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, अवकाश नकदीकरण, वार्षिक बोनस और टिस्को कर्मचारी पेंशन योजना सहित अन्य संबंधित लाभों में भी की जाएगी।

यूनियन के अनुसार, अगले वेतन समझौते में व्यक्तिगत वेतन के रूप में दी गई राशि को मूल वेतन में जोड़ने का मुद्दा शामिल होगा।

हालांकि, एनएस श्रेणी के कर्मचारी बंचिंग व्यवस्था का स्थायी समाधान चाहते हैं लेकिन इसका समाधान अगले वेतन समझौते में ही संभव हो सकेगा।

एनएस ग्रेड को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा

बैठक में एनएस श्रेणी के कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद चिकित्सा सुविधा देने का निर्णय भी लिया गया। वहीं, उनके मकान किराये की कटौती के संबंध में बताया गया कि मूल वेतन में से परिवर्तनशील महंगाई भत्ता घटाने के बाद बची राशि का छह प्रतिशत अथवा आवास का निर्धारित किराया, दोनों में से जो कम होगा, वही वसूला जाएगा।

इसके अलावा रजिस्टर्ड रिलेशन बैच 2022 और ट्रेड अप्रेंटिस बैच के कर्मचारियों के न्यूनतम गारंटी बेनीफिट से जुड़े वेतन संशोधन के दावों में प्रबंधन ने कोई विसंगति नहीं पाई।

हालांकि, यूनियन की मांग पर कर्मचारियों की ओर से उठाए गए मुद्दों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।

यह भी पढ़ें- टाटा स्टील ने जेसीसीएम कमेटी का किया पुनर्गठन: चैतन्य भानु बने चेयरमैन, संजीव चौधरी वाइस चेयरमैन