'नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ' स्कीम की टाटा स्टील में वापसी, कर्मचारियों के बच्चों को डायरेक्ट मिलेगी जॉब
टाटा स्टील ने कर्मचारियों के आश्रितों को रोजगार देने के लिए 'सुनहरे भविष्य की योजना 4.0' (ESS) फिर से शुरू की है।

टाटा स्टील ने एक बार फिर सुनहरे भविष्य की योजना 4.0 के रूप में अर्ली सपरेशन स्कीम को लांच किया है।
HighLights
कर्मचारियों के आश्रितों को TSTSL में तकनीकी नौकरी मिलेगी।
योजना में प्रशिक्षण, स्टाइपेंड और मूल्यांकन प्रक्रिया शामिल है।
जासं, जमशेदपुर। Tata Steel Job Opportunity: टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के आश्रितों (बच्चों) को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है।
कंपनी प्रबंधन ने 'सुनहरे भविष्य की योजना 4.0' (SBKY 4.0) के रूप में अर्ली सेपरेशन स्कीम (ESS) को दोबारा लॉन्च किया है।
कंपनी की चीफ पीपुल ऑफिसर अत्रेयी सान्याल द्वारा जारी आधिकारिक सर्कुलर के अनुसार, यह योजना 15 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
इस योजना का लाभ लेने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को कंपनी की सहयोगी इकाई में नौकरी करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
किन कर्मचारियों पर लागू होगी यह योजना?
जारी आदेश के तहत यह योजना जमशेदपुर संगठन के सभी यूनियनकृत कर्मचारियों (ट्यूब्स डिवीजन सहित) पर लागू होगी।
हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि नए ग्रेड सिस्टम में ब्लॉक-3 और उससे ऊपर के अधिकारी/कर्मचारी इस योजना के दायरे में नहीं आएंगे।
टीएसटीएसएल में मिलेगी नियुक्ति
इस बार योजना में सबसे महत्वपूर्ण और आकर्षक प्रावधान 'नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ' के विकल्प के तहत किया गया है।
इसके अंतर्गत योजना का लाभ लेने वाले कर्मचारी के आश्रित को उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (TSTSL) में क्रेन ऑपरेशन, लोको ऑपरेशन और एचईएमएम (HEMM) ऑपरेशन जैसे महत्वपूर्ण तकनीकी विभागों में नौकरी का अवसर प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण, स्टाइपेंड और मूल्यांकन की प्रक्रिया:
- प्रशिक्षण और स्टाइपेंड: चयनित आश्रितों को संबंधित कार्यक्षेत्र में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की अवधि के दौरान उन्हें टीएसटीएसएल द्वारा निर्धारित दर पर मासिक स्टाइपेंड भी मिलेगा।
- स्थायी नियुक्ति: प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने और निर्धारित मूल्यांकन परीक्षा में उत्तीर्ण होने पर आश्रितों को उपलब्ध रिक्तियों के अनुसार उपयुक्त ग्रेड में नियुक्त किया जाएगा।
- पूरक परीक्षा का अवसर: यदि कोई अभ्यर्थी प्रशिक्षण के बाद पहले मूल्यांकन में असफल रहता है, तो उसे एसएनटीआई (SNTI) की ओर से एक पूरक परीक्षा (सप्लीमेंट्री टेस्ट) का अतिरिक्त अवसर दिया जाएगा।
दोनों प्रयासों में असफल रहने या बीच में प्रशिक्षण छोड़ने पर नौकरी का विकल्प समाप्त हो जाएगा, हालांकि निर्धारित शर्तों के तहत संबंधित कर्मचारी को योजना का आर्थिक लाभ मिलता रहेगा।
ट्रेड अप्रेंटिस और डिप्लोमा प्रशिक्षण का भी विकल्प
जो आश्रित 'नौकरी छोड़ो-नौकरी पाओ' के तहत प्रशिक्षण के लिए चयनित नहीं हो पाएंगे या जो इस विकल्प को नहीं चुनेंगे, उन्हें पूर्व निर्धारित मानदंडों के अनुसार ट्रेड अप्रेंटिस या डिप्लोमा प्रशिक्षण का विकल्प दिया जाएगा।
कार्यमुक्ति की अंतिम तिथि तय
कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत आवेदन करने वाले कर्मचारियों की कार्यमुक्ति (रिलीज) की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2027 से आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
अधिकतम 15 फरवरी 2027 तक कर्मचारियों को कंपनी से अलग कर दिया जाएगा। योजना से जुड़ी अन्य सभी नियम एवं शर्तें पूर्ववत लागू रहेंगी।