टाटा स्टील में फेरबदल, सुजीत कुमार और राहुल वर्मा को नई जिम्मेदारी; जमशेदपुर को मिला नया श्रम अधीक्षक
टाटा स्टील में सुजीत कुमार को टिनप्लेट विस्तारीकरण का चीफ और राहुल कुमार वर्मा को चीफ टेक्नोलाजी प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी ...और पढ़ें

टाटा बिजनेस एक्सिलेंस माॅडल की टीम जमशेदपुर दौरे पर टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंची।
HighLights
सुजीत कुमार बने टिनप्लेट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट के नए चीफ।
राहुल कुमार वर्मा को चीफ टेक्नोलाजी प्रोजेक्ट्स की जिम्मेदारी।
अविनाश ठाकुर जमशेदपुर के नए श्रम अधीक्षक नियुक्त हुए।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील प्रबंधन ने सुजीत कुमार को टिनप्लेट विस्तारीकरण में प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन का चीफ बनाया है।
कंपनी प्रबंधन ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
आदेश के तहत सुजीत इससे पहले जोड़ा व एफएएमडी में प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन चीफ के पद पर कार्यरत थे। अब वे जमशेदपुर से काम करते हुए प्रोजेक्ट एंड कंस्ट्रक्शन चीफ को रिपोर्ट करेंगे।
वहीं, टिनप्लेट विस्तारीकरण प्रोजेक्ट में इसी पद पर कार्यरत रहे मनोज कुमार साहू का तबादला इंजीनियरिंग एंड प्रोजेक्ट के वाइस प्रेसिडेंट कार्यालय में किया गया है। मालूम हो कि टिनप्लेट डिवीजन में सितंबर माह में दो जानलेवा दुर्घटनाओं में दो ठेकाकर्मियों की मौत हुई थी जिसके बाद कंपनी प्रबंधन ने यह बदलाव किया है।
राहुल कुमार वर्मा बने चीफ टेक्नोलाजी प्रोजेक्ट्स
टाटा स्टील प्रबंधन ने राहुल कुमार वर्मा को चीफ टेक्नोलाजी प्रोजेक्ट्स, कारपोरेट प्लानिंग एंड स्ट्रेटर्जी की जिम्मेदारी दी है। वे जमशेदपुर से ही काम करते हुए विभागीय चीफ को रिपोर्ट करेंगे। कंपनी प्रबंधन ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
टाटा स्टील को मिला राष्ट्रीय आईसीसी सस्टेनेबिलिटी पुरस्कार
इंडियन चैंबर आफ कामर्स (आइसीसी) द्वारा नई दिल्ली में आयोजित चौथे सस्टेनेबिलिटी एक्सीलेंस अवार्ड में टाटा स्टील को ''मैन्युफैक्चरिंग–कॉरपोरेट'' श्रेणी में प्रथम उपविजेता घोषित किया गया।
कंपनी को यह प्रतिष्ठित सम्मान औद्योगिक सह-उत्पादों (बाय-प्रोडक्ट्स) के सुरक्षित पुनर्चक्रण और पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन के लिए मिला है। समारोह में टाटा स्टील के चंद्र प्रकाश, सितेंद्र सिंह और गोविंद शर्मा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
टाटा स्टील में मजदूर हित योजनाओं की समीक्षा करने पहुंची टीबीईएम की टीम
टाटा समूह की टाटा बिजनेस एक्सिलेंस माडल (टीबीईएम) की टीम इन दिनों कंपनी के दौरे पर हैं जहां वे मजदूर हित योजनाओं की समीक्षा कर रही है। गुरुवार शाम तीन सदस्यीय टीम के सदस्य टाटा वर्कर्स यूनियन कार्यालय पहुंची, जहां यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी की अनुपस्थिति में डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह व महासचिव सतीश सिंह ने उनकी अगवानी की।
इस दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, एनपीएस, कोविड प्रोटेक्शन स्कीम, कौशल विकास, उच्च शिक्षा, लीव बैंक, बच्चों के पंजीकरण और नौकरी में आयु छूट की जानकारी दी।
विविधता, संयुक्त परामर्श, सामूहिक सौदेबाजी, तीन-स्तरीय व्यवस्था, सुरक्षा और यूनियन संरचना पर भी चर्चा हुई। वहीं, टीम में शामिल कंपनी सेक्रेटरी केसीजी व न्यू बिजनेस सर्विसेज, टाटा पावर के रश्मिकांत प्रसाद, टाइटन के रीजनल बिजनेस हेड वेस्ट (एवीपी) रामप्रभात यादव शामिल थे।
विनाश ठाकुर बने जमशेदपुर के नए श्रम अधीक्षक
अविनाश ठाकुर को जमशेदपुर का नया श्रम अधीक्षक बनाया गया है। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है।
सहायक श्रमायुक्त अविनाश ठाकुर रांची में अतिरिक्त प्रभार के अलावा सरायकेला-खरसावां में श्रम अधीक्षक सहित जमशेदपुर में भी श्रम अधीक्षक जमशेदपुर-2 का अतिरिक्त प्रभार पर रहेंगे। गुरुवार को उन्होंने पदभार ग्रहण किया, जहां श्रमायुक्त अरविंद कुमार ने उनका स्वागत किया।
