टाटा स्टील में रोड सेफ्टी के नए नियम लागू: भारी वाहनों और दोपहिया के समय में बदलाव, कर्मचारियों में नाराजगी
टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट में 1 नवंबर से लागू हुए नए रोड सेफ्टी नियमों से कर्मचारियों में असंतोष है। दोपहिया ...और पढ़ें

तय समय से पहले दोपहिया वाहनों से बाहर निकलने वाले कर्मचारियों की नंबर प्लेट डायरी में दर्ज की जा रही है, जिससे भविष्य में अनुशासनात्मक कार्रवाई की आशंका बढ़ गई है।
HighLights
टाटा स्टील जमशेदपुर में 1 नवंबर से नए नियम लागू।
समय से पहले निकलने वाले दोपहिया वाहनों के नंबर दर्ज।
कैंटीन और लंच ब्रेक के समय में असंतुलन से नाराजगी।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में एक नवंबर से प्रभावी हुए रोड सेफ्टी के नए नियमों को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष देखने को मिल रहा है।
नए दिशा-निर्देशों के तहत तय समय से पहले दोपहिया वाहनों से बाहर निकलने वाले कर्मचारियों की नंबर प्लेट डायरी में दर्ज की जा रही है, जिससे भविष्य में अनुशासनात्मक कार्रवाई की आशंका बढ़ गई है।
कंपनी प्रबंधन ने एक नवंबर से जनरल शिफ्ट का समय सुबह 8:00 के बजाय 7:30 बजे से शाम 4:30 बजे कर दिया है।
इसके साथ ही प्लांट परिसर के अंदर भारी वाहनों और दोपहिया वाहनों की आवाजाही की समय-सारणी में भी संशोधन किया गया है।
31 अक्टूबर (शनिवार) और 1 नवंबर (रविवार) को अवकाश के कारण कई कर्मचारियों तक समय पर इसकी जानकारी नहीं पहुंच सकी।
नतीजतन, सोमवार को जब कर्मचारी दोपहर 12:30 बजे ही भोजन अवकाश (लंच ब्रेक) के लिए बाहर निकले, तो सुरक्षाकर्मियों ने इसे सेफ्टी टाइम का उल्लंघन माना और वाहनों के नंबर दर्ज कर लिए।
अचानक हुई इस कार्रवाई से आहत कर्मचारियों ने टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व से शिकायत दर्ज कराई है। कर्मचारियों का कहना है कि जब जनरल शिफ्ट का समय बदल दिया गया है, तो कैंटीन की टाइमिंग में भी बदलाव होना चाहिए।
वर्तमान में कैंटीन दोपहर 12:30 बजे ही खुल रही है, जबकि कर्मचारियों का नया लंच ब्रेक दोपहर 1:00 बजे निर्धारित किया गया है।
जनरल शिफ्ट का समय एक समान होने के कारण सोमवार सुबह कंपनी के मुख्य प्रवेश द्वारों पर वाहनों की भीड़ देखी गई।
हालांकि, स्थिति को संभालने और भीड़ हटाने के लिए सुरक्षा विभाग ने इलेक्ट्रिक बूम बैरियर को ऊपर उठाकर वाहनों की आवाजाही सुगम बनाई।
दोपहिया वाहनों का सेफ्टी टाइम:
सुबह: 5:30 से 6:30 | 7:45 से 9:00
दोपहर: 1:00 से 2:30
शाम: 5:30 से 6:45
रात: 9:30 से 10:30
भारी वाहनों का परिचालन समय:
सुबह: 6:30 से 7:45 | 9:00 से दोपहर 1:00
दोपहर: 2:30 से शाम 5:30
शाम: 6:45 से रात 9:30 | रात 10:30 से सुबह 5:30