विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील जमशेदपुर में 1 नवंबर से बदलेगा ड्यूटी का समय: अब केवल जनरल शिफ्ट में काम करेंगे 2800 कर्मचारी

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:20 AM (IST)

टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट में 1 नवंबर से जनरल शिफ्ट ड्यूटी का समय बदल जाएगा। अब लगभग 2,800 कर्मचारी सुबह ...और पढ़ें

वर्तमान में टाटा स्टील में कर्मचारियों के आने-जाने के लिए पांच अलग-अलग शिफ्ट टाइमिंग लागू थीं।

वर्तमान में टाटा स्टील में कर्मचारियों के आने-जाने के लिए पांच अलग-अलग शिफ्ट टाइमिंग लागू थीं।

HighLights

  1. टाटा स्टील जमशेदपुर में जनरल शिफ्ट का समय बदला।

  2. 1 नवंबर से सुबह 8:30 से शाम 5:30 बजे तक ड्यूटी।

  3. उत्पादन और लॉजिस्टिक्स सुधारने के लिए लिया गया निर्णय।

जासं, जमशेदपुर। टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट में कार्यरत कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट ड्यूटी के समय में बड़ा बदलाव किया गया है। 
 
1 नवंबर से प्रभावी होने वाली नई व्यवस्था के तहत प्लांट में कार्यरत लगभग 2,800 कर्मचारी अब केवल सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे (8:30 AM - 5:30 PM) की एक समान जनरल शिफ्ट में ड्यूटी करेंगे।
 

उत्पादन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए लिया गया फैसला 

वर्तमान में टाटा स्टील में कर्मचारियों के आने-जाने के लिए पांच अलग-अलग शिफ्ट टाइमिंग (सुबह 7 से शाम 4, 7:30 से 4:30, 8 से 5, 8:30 से 5:30 और 9 से शाम 6 बजे) लागू थीं। 
 
इन अलग-अलग समयों पर कर्मचारियों की लगातार आवाजाही के कारण सुरक्षा कारणों से कंपनी परिसर के भीतर भारी वाहनों का परिचालन बार-बार रोकना पड़ता था। 
 
इससे प्लांट की उत्पादन और लॉजिस्टिक्स प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। अब एक ही समय पर ड्यूटी का समय तय होने से भारी वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से चल सकेगी और उत्पादन बाधित नहीं होगा।
 

प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के बीच हुई बैठक 

इस नई व्यवस्था को लेकर सोमवार को टाटा स्टील प्रबंधन और टाटा वर्कर्स यूनियन के शीर्ष पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। 
 
बैठक में चीफ एचआर बीपी यशवंत पांडेय, चीफ सिक्योरिटी ब्रिगेडियर आशुतोष और चीफ प्रकाश सिंह ने यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह तथा महासचिव सतीश सिंह को आधिकारिक रूप से इस निर्णय की जानकारी दी।
 
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल जनरल शिफ्ट में काम करने वाले कर्मचारियों पर ही लागू होगा। 
 
तीन पालियों में चलने वाली नियमित शिफ्ट- 'ए' शिफ्ट (सुबह 6 से दोपहर 2), 'बी' शिफ्ट (दोपहर 2 से रात 10) और नाइट शिफ्ट (रात 10 से सुबह 6 बजे)- पूर्व की भांति यथावत संचालित होती रहेंगी।