मिडिल ईस्ट युद्ध से टाटा स्टील को हर तिमाही 1400 करोड़ तक का नुकसान, ग्रीन स्टील की लागत बड़ी चुनौती
वैश्विक तनाव और महंगे कोयले के कारण टाटा स्टील को प्रति तिमाही 1000-1400 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हो रहा ...और पढ़ें

वैश्विक तनाव और महंगे कोयले से बढ़ी चुनौती, नीलाचल में पांच मिलियन टन विस्तार की है तैयारी।
HighLights
वैश्विक तनाव, महंगे कोयले से टाटा स्टील को बड़ा नुकसान।
घरेलू ऑटोमोबाइल, कंस्ट्रक्शन मांग से कंपनी को मिली राहत।
लागत घटाने, विशेष स्टील उत्पादों पर कंपनी का फोकस।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर टाटा स्टील के कारोबार पर भी पड़ रहा है। वैश्विक तनाव के कारण कंपनी को प्रति तिमाही लगभग 1000 से 1400 करोड़ रुपये तक का आर्थिक प्रभाव झेलना पड़ रहा है।
दूसरी ओर, पिछले 15 वर्षों में अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्टील की कीमत लगभग स्थिर रहने और कोयले की कीमत में भारी बढ़ोतरी से उत्पादन लागत पर दबाव बढ़ा है। हालांकि, घरेलू बाजार में आटोमोबाइल और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र की बेहतर मांग से कंपनी को राहत मिली है।
टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन को उम्मीद है कि चालू वित्तीय वर्ष की दूसरी छमाही पहली छमाही की तुलना में बेहतर रहेगी। रविवार शाम बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेंद्रन ने कहा कि चीन और अमेरिका की आर्थिक नीतियों, मिडिल ईस्ट के युद्ध और वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर कंपनी का नियंत्रण नहीं है।
ऐसे में इन चुनौतियों से निपटने का सबसे प्रभावी तरीका उत्पादन लागत को कम करना है। कंपनी ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप विशेष स्टील उत्पाद तैयार करने पर भी जोर दे रही है। वहीं, टाटा इंटरनेशनल का चेयरमैन बनाए जाने के सवाल पर टीवी नरेंद्रन ने कहा कि वह पहले से ही कंपनी के बोर्ड में शामिल थे। अब उन्हें चेयरमैन की जिम्मेदारी मिली है। इस विषय पर विस्तार से बातचीत के लिए उन्होंने थोड़ा समय देने की बात कही।
15 साल से स्टील की कीमत स्थिर, कोयला महंगा
नरेंद्रन ने कहा कि पिछले 15 साल पहले अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्टील की कीमत लगभग 600 डालर प्रति टन थी और आज भी यह इसी स्तर के आसपास बनी हुई है। दूसरी ओर, कोयले की कीमत 210-215 डालर प्रति टन से बढ़कर करीब 290 डालर तक पहुंच गई है।
कच्चे माल की लागत में इस बढ़ोतरी से स्टील उत्पादन की अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है। ऐसे में कंपनी का जोर परिचालन दक्षता बढ़ाने और लागत नियंत्रण पर है।
जमशेदपुर में डाउनस्ट्रीम उत्पादों पर रहेगा फोकस
कंपनी के सीईओ ने बताया कि जमशेदपुर स्टील प्लांट शहर के बीचोंबीच स्थित है। यहां जमीन की सीमित उपलब्धता के कारण बड़े स्तर पर उत्पादन क्षमता बढ़ाना संभव नहीं है। इसलिए कंपनी अब डाउनस्ट्रीम उत्पादों पर अधिक ध्यान दे रही है। इसके तहत कांबी मिल और टिनप्लेट डिवीजन का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही नया प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।
नरेंद्रन ने बताया कि टाटा स्टील के पास कलिंगानगर में करीब 6000 एकड़, नीलाचल में 3000 एकड़ और जमशेदपुर में लगभग 1800 एकड़ जमीन है। भविष्य में उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए कलिंगानगर और नीलाचल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। नीलाचल में पांच मिलियन टन क्षमता का विस्तार प्रस्तावित है।
3000 करोड़ में दो साल में तैयार हो सकता है ईएएफ प्लांट
टाटा स्टील लुधियाना की तर्ज पर दूसरे स्थानों पर भी एक-दो इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (ईएएफ) स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही है। नरेंद्रन ने कहा कि इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस उन स्थानों पर अधिक उपयोगी है, जहां स्क्रैप की पर्याप्त उपलब्धता हो और उत्पादन की अच्छी संभावनाएं हों।
उन्होंने बताया कि करीब 150 एकड़ जमीन में ईएएफ प्लांट स्थापित किया जा सकता है। लगभग 3000 करोड़ रुपये के निवेश से दो साल में 0.8 मिलियन टन क्षमता का प्लांट तैयार हो सकता है। हालांकि, पूर्वी भारत में लौह अयस्क की प्रचुर उपलब्धता को देखते हुए कंपनी यहां आयरन ओर आधारित स्टील उत्पादन को प्राथमिकता देगी।
ग्रीन स्टील की लागत बड़ी चुनौती
नरेंद्रन ने कहा कि कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए टाटा स्टील हिसारना और ईजीमेल्ट जैसी तकनीकों पर काम कर रही है। इनके इस्तेमाल से स्टील उत्पादन के दौरान कार्बन उत्सर्जन में काफी कमी लाई जा सकती है। हालांकि, पारंपरिक स्टील की तुलना में ग्रीन स्टील का उत्पादन महंगा है।
नरेंद्रन ने कहा कि यूरोप की तरह भारत में अभी ग्रीन स्टील उत्पादन के लिए पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। सरकार ने निर्धारित सीमा से अधिक कार्बन उत्सर्जन पर जुर्माने का प्रावधान किया है। कंपनी को उम्मीद है कि भविष्य में ग्रीन स्टील बनाने वाली कंपनियों को भी यूरोप की तर्ज पर प्रोत्साहन मिलेगा।
आदिवासी उद्यमियों और वेंडरों को मिल रहा बढ़ावा
नरेंद्रन ने कहा कि टाटा स्टील का सबसे अधिक विकास झारखंड और ओडिशा में हुआ है। यहां कंपनी के निवेश से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं। हालांकि, कंपनी सभी युवाओं को नौकरी नहीं दे सकती, इसलिए एनटीटीएफ और जेएन टाटा वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के माध्यम से उन्हें कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कंपनी अपने अफर्मेटिव एक्शन प्लान के तहत आदिवासी उद्यमियों और वेंडरों को भी काम दे रही है। टाटा समूह में बड़ी संख्या में आदिवासी वेंडर जुड़े हुए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।