विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीसरी तिमाही में 3500 रुपये प्रति टन महंगी होगी स्टील की कीमतें, टाटा स्टील के सीईओ टीवी नरेंद्रन ने दी बड़ी जानकारी

Published: Thu, 12 Nov 2026 10:32 PM (GMT+05:30)

टाटा स्टील चालू वित्त वर्ष में 20,000 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी पूंजीगत व्यय लक्ष्य के करीब है, जिसमें से अधिकांश भारत में विस्तार पर खर्च होगा।

सीईओ टीवी नरेंद्रन ने तीसरी तिमाही में भारत में इस्पात की कीमतों में 3,500 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है।

सीईओ टीवी नरेंद्रन ने तीसरी तिमाही में भारत में इस्पात की कीमतों में 3,500 रुपये प्रति टन की बढ़ोतरी की उम्मीद जताई है।

HighLights

  1. टाटा स्टील का 20,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय लक्ष्य।

  2. तीसरी तिमाही में इस्पात की कीमतें 3,500 रुपये प्रति टन बढ़ेंगी।

  3. भारत में विस्तार पर 15,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश।

जासं, जमशेदपुर। वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद देश की दिग्गज इस्पात निर्माता कंपनी टाटा स्टील अपनी आक्रामक विस्तार योजनाओं को पूरी तेजी से आगे बढ़ा रही है। 
 
कंपनी ने चालू वित्त वर्ष के दौरान लगभग 20,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय (कैपेक्स) का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। 
 
टाटा स्टील के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने स्पष्ट किया है कि कंपनी इस लक्ष्य को हासिल करने के बिल्कुल करीब है। 
 
इस भारी-भरकम निवेश का बड़ा हिस्सा यानी करीब 15000 करोड़ रुपये अकेले भारत के घरेलू विस्तार पर खर्च किए जा रहे हैं, जबकि शेष राशि ब्रिटेन और नीदरलैंड स्थित विदेशी संयंत्रों के आधुनिकीकरण पर लगाई जाएगी।
 

घरेलू संयंत्रों के विस्तार पर जोर, पहली छमाही में 6,800 करोड़ खर्च 

टीवी नरेंद्रन ने बताया कि कंपनी वित्त वर्ष की पहली छमाही में लगभग 6,800 करोड़ रुपये का कैपेक्स पहले ही पूरा कर चुकी है। 
 
वर्ष की दूसरी छमाही में ओडिशा के कलिंगानगर में चल रहे विस्तार कार्यों के साथ-साथ जमशेदपुर और मेरामांडली संयंत्रों के तकनीकी सुदृढ़ीकरण पर पूंजी प्रवाह को और तेज किया जाएगा। 
 
हालांकि, पहली छमाही में उत्पादन मात्रा में कुछ अस्थिरता के कारण लागत बचत की रफ्तार थोड़ी धीमी रही, लेकिन कंपनी पूरे वर्ष के लिए निर्धारित 7000 करोड़ रुपये की वार्षिक लागत बचत का लक्ष्य पाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। 
 
उन्होंने उम्मीद जताई कि दूसरी छमाही वित्तीय रूप से पहली छमाही की तुलना में काफी बेहतर रहेगी।
 

तीसरी तिमाही में बढ़ेंगी कीमतें, मजबूत होगी घरेलू मांग

इस्पात बाजार के रुझानों पर बात करते हुए सीईओ ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के कारण वैश्विक लॉजिस्टिक्स, बीमा और उपभोग्य सामग्रियों की कीमतों में भारी उछाल आया था।
 
जिससे दूसरी तिमाही में करीब 1400 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लागत दबाव पड़ा था। हालांकि, सितंबर से कीमतों में सुधार का दौर शुरू हो चुका है। 

नरेंद्रन ने उम्मीद जताई कि चालू तीसरी तिमाही में भारत में प्रति टन इस्पात की वसूली में औसतन 3,500 रुपये की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 
 
कोकिंग कोल की लागत में 15 डॉलर प्रति टन की वृद्धि के बावजूद मजबूत घरेलू खपत से कंपनी का मार्जिन सुधरेगा।
 

ब्रिटेन और नीदरलैंड्स संयंत्रों का पुनर्गठन 

यूरोपीय परिचालन के पुनर्गठन पर उन्होंने बताया कि ब्रिटेन के पोर्ट टालबोट में ग्रीन स्टील तकनीक के तहत इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (ईएएफ) की स्थापना मार्च 2028 तक पूरी करने का लक्ष्य है। 
 
ग्रिड से बिजली मिलने में हो रही देरी को लेकर ब्रिटिश सरकार के साथ बातचीत जारी है। वहीं, नीदरलैंड्स संयंत्र के लिए सरकार के साथ गैर-बाध्यकारी आशय पत्र (एलओआई) की समयसीमा को बढ़ाकर 1 मार्च कर दिया गया है। 
 
सीईओ टीवी नरेंद्रन ने आश्वस्त किया कि तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद घरेलू बाजार में कंपनी की अगुवाई और वित्तीय स्थिरता पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।