टाटा स्टील की कैंटीन में लगे नोटिस से मच गया हड़कंप, जानिए क्या लिखा था
टाटा स्टील के आयरन मेकिंग विभाग की तीन कैंटीनों में लगे नोटिस से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इसका कारण नौकरी जाने का अंदेशा रहा।
जमशेदपुर, जेएनएन। टाटा स्टील, आयरन मेकिंग विभाग की तीन कैंटीनों में एक नोटिस लगा। नोटिस में लिखा गया था कि 50 वर्ष से अधिक उम्र वाले कर्मचारी वाइस प्रेसिडेंट से मिलें। प्रबंधन द्वारा जारी इस नोटिस को पढ़ने के बाद संबधित विभागों के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
विश्वस्त सूत्रों की माने तो इस सूची में 50 सावन देख चुके कर्मचारियों ने नाम भी थे। लेकिन यूनियन नेतृत्व ने इसकी पुष्टि नहीं की। लेकिन इस नोटिस के जारी होने के बाद कर्मचारियों में तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे। कुछ कहने लगे कि उन्हें सुनहरे भविष्य की योजना-2 का लाभ लेने के लिए बुलाया जा रहा है। तो कुछ का कहना है कि कहीं प्रबंधन उनका फिर से स्वास्थ्य जांच कराकर अनफिट न कर दें।
यूनियन की पहल पर नोटिस में संशोधन
मामला तूल पकड़ने पर कर्मचारियों ने इसकी सूचना यूनियन नेतृत्व को दी। यूनियन शीर्ष ने प्रबंधन से बात की। कहा कि किसी भी तरह का नोटिस जारी करने से पहले यूनियन को विश्वास में क्यों नहीं लिया गया। यूनियन नेतृत्व की नाराजगी को देखते हुए प्रबंधन ने उक्त नोटिस को हटा लिया। बाद में प्रबंधन के अधिकारियों ने उम्र सीमा को हटाते हुए कर्मचारियों को स्पष्ट किया कि वाइस प्रेसिडेंट, सेफ्टी संजीव पॉल कर्मचारियों के स्वास्थ्य से संबधित विषयों पर बात करने के लिए उन्हें बुलाया जा रहा था।
ये कहते यूनियन अध्यक्ष
सहीं, बात है नोटिस जारी हुआ था। लेकिन इसे लेकर कुछ गलफहमी थी। वाइस प्रेसिडेंट सेफ्टी ने सभी उम्र सीमा वाले कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी बातचीत के लिए आमंत्रित किया है।
-आर रवि प्रसाद, अध्यक्ष, टीडब्ल्यूयू