विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा स्टील कर्मचारियों को मिलेगा 315 करोड़ का बोनस, 11 सितंबर को खाते में आएगी राशि

Published: Thu, 03 Sep 2026 10:54 AM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2026 12:19 PM (IST)

टाटा स्टील में कर्मचारियों के बोनस समझौते पर सहमति बन गई है और गुरुवार को इस पर हस्ताक्षर होंगे। पुराने ...और पढ़ें

टाटा स्टील में बोनस पर बनी सहमति, हस्ताक्षर को पहुंचे यूनियन पदाधिकारी।

टाटा स्टील में बोनस पर बनी सहमति, हस्ताक्षर को पहुंचे यूनियन पदाधिकारी।

HighLights

  1. टाटा स्टील बोनस समझौते पर गुरुवार को होंगे हस्ताक्षर।

  2. यूनियन 304 करोड़ से बढ़ाकर 320 करोड़ बोनस चाहती है।

  3. कंपनी के 10,886 करोड़ के शुद्ध मुनाफे का लाभ।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए गुरुवार को बड़ी खुशखबरी लेकर आया। कंपनी में बोनस समझौते पर गुरुवार को हस्ताक्षर हो गया। इस बार कर्मचारियों के बीच 315 करोड़ रुपये का बोनस वितरित किया जाएगा।

टाटा स्टील के बोर्ड रूम में कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन और उप श्रम आयुक्त अरविंद कुमार की मौजूदगी में टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व ने त्रिपक्षीय बोनस समझौते पर हस्ताक्षर किए। बोनस की राशि 11 सितंबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

समझौते के तहत टाटा स्टील जमशेदपुर प्लांट और ट्यूब डिवीजन के 11,021 कर्मचारियों के बीच 163.85 करोड़ रुपये बोनस के रूप में वितरित होंगे। इस वर्ष बोनस मद में कर्मचारियों को औसतन करीब 1.49 लाख रुपये मिलेंगे। ओल्ड सीरीज ग्रेड के कर्मचारियों को अधिकतम 4,45,512 रुपये, जबकि न्यूनतम करीब 39,012 रुपये बोनस मिलेगा। वहीं, एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को भी उनके निर्धारित फार्मूले के अनुसार बोनस राशि मिलेगी।

कंपनी को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 10,886 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ है। अन्य परिसंपत्तियों को जोड़ने के बाद बोनस गणना के लिए शुद्ध लाभ की राशि 11,035.24 करोड़ रुपये रही। पुराने बोनस फार्मूले के आधार पर कर्मचारियों के लिए करीब 314.53 करोड़ रुपये बोनस बन रहा था। हालांकि, टीवी नरेंद्रन की पहल पर इसे राउंड फिगर करते हुए 315 करोड़ रुपये कर दिया गया।

उत्पादकता में बढ़ोतरी से 10 करोड़ रुपये अतिरिक्त

इस वर्ष बोनस समझौते में उत्पादकता का आंकड़ा भी कर्मचारियों के लिए खास रहा। टाटा स्टील में बोनस का निर्धारण मुनाफा, बिक्री, स्टील उत्पादकता और सुरक्षा जैसे मानकों को जोड़कर निर्धारित फार्मूले के आधार पर किया जाता है। पूर्व में अधिकतम 600 टन प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष उत्पादकता के आधार पर उत्पादकता मद में 90 करोड़ रुपये बोनस का प्रावधान था।

इस वर्ष कर्मचारियों की उत्पादकता बढ़कर 675 मीट्रिक टन प्रति कर्मचारी प्रतिवर्ष हो गई। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने अपने बोनस फार्मूले को रिवाइज करते हुए उत्पादकता मद में 10 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जोड़ी। इसका सीधा लाभ कर्मचारियों को बोनस के रूप में मिला।

यूनियन नेतृत्व का कहना है कि कोविड-19 के बाद यह अब तक का दूसरा सबसे अधिक बोनस है। समझौते के बाद कर्मचारियों में बोनस की राशि को लेकर उत्साह है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।