विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेयरधारकों की नाराजगी के बीच टीवी नरेंद्रन का बड़ा बयान: एपीएल अपोलो सौदा जारी रहेगा, नियमों की नहीं हुई अनदेखी

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:16 PM (GMT+05:30)

टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ 28 हजार करोड़ रुपये के सौदे को रद्द न करने की बात कही है।

नरेंद्रन ने बताया कि पिछले 48 घंटों में मिली प्रतिक्रिया पर वे और एपीएल अपोलो के प्रमोटर संजय गुप्ता मिलकर बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं।

नरेंद्रन ने बताया कि पिछले 48 घंटों में मिली प्रतिक्रिया पर वे और एपीएल अपोलो के प्रमोटर संजय गुप्ता मिलकर बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं।

HighLights

  1. एपीएल अपोलो सौदा रद्द नहीं होगा, संरचना पर मंथन जारी।

  2. नियमों की अनदेखी नहीं हुई, संजय गुप्ता संग चर्चा जारी।

  3. 2030 की चुनौती हेतु रणनीतिक, भारत की सबसे बड़ी कंपनी बनेगी।

जासं, जमशेदपुर । एपीएल अपोलो ट्यूब्स के साथ करीब 28 हजार करोड़ रुपये के सौदे पर बाजार व शेयरधारकों की नाराजगी के बीच टाटा स्टील के एमडी एवं सीईओ टीवी नरेंद्रन ने स्पष्ट किया कि सौदा रद नहीं होगा, लेकिन चिंताओं को दूर करने को संरचना पर मंथन जारी है।

गौरतलब है कि टाटा स्टील ने पहले चरण में एपीएल अपोलो में 10 प्रतिशत हिस्सा (करीब 6,155 करोड़ रुपये में, 2,100-2,300 रुपये प्रति शेयर पर, जबकि बाजार भाव 1,500 रुपये रहा) खरीदा।

दूसरे चरण में 28 हजार करोड़ में डाउनस्ट्रीम (तैयार उत्पाद) कारोबार बेचकर 50.01 प्रतिशत तक नियंत्रणकारी हिस्सा लेने का प्रस्ताव है।

इस पर टाटा स्टील पर कर्ज बढ़ने व एपीएल अपोलो के अल्पसंख्यक शेयरधारकों को कम लाभ मिलने की चिंता उठी। नरेंद्रन ने कहा कि भूषण, नीलाचल व उषा मार्टिन के बाद भी कंपनी ने कर्ज घटाकर दिखाया था।

नियमों की अनदेखी नहीं, संजय गुप्ता संग चर्चा जारी

नरेंद्रन ने बताया कि पिछले 48 घंटों में मिली प्रतिक्रिया पर वे और एपीएल अपोलो के प्रमोटर संजय गुप्ता मिलकर बेहतर विकल्प तलाश रहे हैं।

दोनों पक्ष सौदे से पीछे नहीं हट रहे। पूर्व सेबी अधिकारी जेएन गुप्ता समेत विशेषज्ञों द्वारा टैक्स व संबंधित पक्ष लेनदेन (आरपीटी) नियमों से बचने के लिए दो चरणों की सीक्वेंसिंग पर उठाए सवालों को उन्होंने खारिज किया।

उन्होंने कहा कि खबर लीक होने से बाजार खुलने से पहले यह प्रक्रिया जरूरी थी और दूसरा चरण अल्पसंख्यक शेयरधारकों की मंजूरी से ही होगा।

एसजी टेक संग कलर-कोटेड एमओयू को उन्होंने टाटा टिस्कॉन जैसा एसेट-लाइट (बिना भारी पूंजी लगाए उत्पादन) माडल बताया।

2030 की चुनौती से निपटने को बनेगा बड़ा मंच

नरेंद्रन ने रणनीतिक लक्ष्य स्पष्ट करते हुए कहा कि 2030 के बाद टाटा स्टील के लिए लौह अयस्क महंगा होगा। तब 14 से 15 हजार रुपये प्रति टन का परिचालन मुनाफा (एबिटडा) बचाने के लिए ग्राहकों के करीब रहने वाला डाउनस्ट्रीम कारोबार बेहद जरूरी है।

दोनों कंपनियां मिलकर 75 लाख टन से बढ़कर 1.5 करोड़ टन क्षमता के साथ भारत की सबसे बड़ी और चीन (दो करोड़ टन) के बाद दुनिया की दूसरी बड़ी डाउनस्ट्रीम कंपनी बनेंगी। एपीएल अपोलो की बाजार फुर्ती बरकरार रखने के लिए ही उसे अलग सूचीबद्ध कंपनी रखा जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।