विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Tata Steel AEP-2026: इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए निकली बंपर भर्ती, 7.4 लाख का मिलेगा पैकेज, ऐसे करें अप्लाई

Published: Mon, 16 Feb 2026 10:29 PM (IST)

टाटा स्टील ने एस्पायरिंग इंजीनियर प्रोग्राम (AEP) 2026 बैच की घोषणा की है। इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए यह कार्यक्रम कंपनी ...और पढ़ें

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

HighLights

  1. इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए टाटा स्टील एईपी 2026 की घोषणा।

  2. आवेदन की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026, ऑनलाइन प्रक्रिया।

 

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर । देश की अग्रणी स्टील निर्माता कंपनी टाटा स्टील ने इंजीनियरिंग स्नातकों के लिए बहुप्रतीक्षित एस्पायरिंग इंजीनियर प्रोग्राम (AEP) 2026 बैच की घोषणा कर दी है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम के जरिए देशभर के प्रतिभाशाली युवाओं को कंपनी के विभिन्न प्लांटों में करियर शुरू करने का मौका मिलेगा।
 
योग्य उम्मीदवार 9 मार्च 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। परीक्षा में सफल अभ्‍य‍र्थियों को सालाना लाखों का पैकेज मिलेगा।

 

योग्यता और पात्रता मानदंड 

टाटा स्टील के इस कार्यक्रम के लिए आवेदन करने के लिए निम्नलिखित योग्यताएं अनिवार्य हैं: 

  1.     शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार के पास 2025 में पूरी की गई या 2026 में पूरी होने वाली इंजीनियरिंग डिग्री (BE/B.Tech/B.Sc Engineering) होनी चाहिए। 
  2.     प्रमुख विधाएं (Streams): सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, केमिकल, मेटलर्जी और माइनिंग।
  3.     अंक प्रतिशत: सामान्य वर्ग के लिए न्यूनतम 65% और आरक्षित वर्ग के लिए 60% अंक अनिवार्य हैं। 
  4.     प्राथमिकता: झारखंड, ओडिशा, पंजाब और महाराष्ट्र के डोमिसाइल (स्थानीय निवासी) वाले अभ्यर्थियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।


ट्रेनिंग और सैलरी पैकेज 

चयनित उम्मीदवारों को एक साल के लिए इंजीनियर ट्रेनी के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस दौरान प्रशिक्षुओं को 30,000 रुपये प्रति माह का वजीफा (Stipend) दिया जाएगा।

ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद उन्हें असिस्टेंट मैनेजर (IL-6 स्तर) के पद पर प्रमोट किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों का वार्षिक सीटीसी(CTC) 7.4 लाख रुपये होगा, जिसके साथ मेडिकल और अन्य कॉर्पोरेट सुविधाएं भी मिलेंगी।

चयन प्रक्रिया और आवेदन शुल्क 

टाटा स्टील की हेड एचआरएम टैलेंट एक्विजिशन शिवांगी सिन्हा के अनुसार, चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया है। उम्मीदवारों को पहले ऑनलाइन डोमेन टेस्ट और बिहेवियरल असेसमेंट देना होगा। 
 
इसमें शॉर्टलिस्ट होने वाले अभ्यर्थियों को व्यक्तिगत इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है।

कंपनी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की सिफारिश या बाहरी हस्तक्षेप उम्मीदवार की पात्रता को तुरंत रद कर देगा। इच्छुक अभ्यर्थी टाटा स्टील की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर विस्तृत दिशा-निर्देश पढ़ सकते हैं। 


    महत्वपूर्ण तिथियां और जानकारी

  1.         आवेदन की अंतिम तिथि: 9 मार्च, 2026
  2.         पद: असिस्टेंट मैनेजर (ट्रेनिंग के बाद)
  3.         ऑफिशियल वेबसाइट: Tata Steel Careers