टाटा ट्रस्ट्स को झटका : एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर कानूनी पेंच, टाटा संस ने दाखिल की कैविएट
टाटा संस ने बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की है, जबकि हाई कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स की बोर्ड बैठक रोकने की याचिका खारिज कर दी थी।

बांबे हाई कोर्ट ने कंपनी व छह निदेशकों से लिखित जवाब (हलफनामा) मांगकर अगली सुनवाई 18 जनवरी तय की।
HighLights
टाटा संस ने बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल की।
हाई कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स की बोर्ड बैठक रोकने की याचिका खारिज की।
एन चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति और आईपीओ को लेकर कानूनी विवाद।
जासं, जमशेदपुर। टाटा समूह में नेतृत्व और शेयर बाजार में सूचीबद्धता (आईपीओ) को लेकर चल रही रार के बीच टाटा संस ने शनिवार को बॉम्बे हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दाखिल कर दी है।
इससे एक दिन पहले हाई कोर्ट ने 30 नवंबर को प्रस्तावित बोर्ड बैठक रोकने की टाटा ट्रस्ट की याचिका खारिज कर दी थी।
शुक्रवार को न्यायमूर्ति अभय आहूजा की पीठ ने सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) की बोर्ड बैठक टालने तथा अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन के निर्णायक मत (कास्टिंग वोट) को रोकने की मांग अस्वीकार कर दी।
अदालत ने स्पष्ट किया कि बैठक तय समय पर होगी, लेकिन उसमें लिए जाने वाले फैसले अंतिम न्यायिक आदेश के अधीन रहेंगे। कोर्ट ने कंपनी और छह निदेशकों से लिखित हलफनामा तलब करते हुए अगली सुनवाई 18 जनवरी तय की है।
पुनर्नियुक्ति से भड़का कानूनी विवाद
टाटा संस में 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले दोनों ट्रस्टों ने 26 नवंबर को मुकदमा दायर कर 17 सितंबर के प्रस्ताव को अवैध ठहराया, जिसमें एन चंद्रशेखरन को तीसरे पांच वर्षीय कार्यकाल के लिए दोबारा कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया था।
ट्रस्टों का तर्क है कि कंपनी की नियमावली (अनुच्छेद 121 और 104बी) के तहत उनके निदेशकों की बहुमत सहमति अनिवार्य है।
17 सितंबर को नोएल टाटा के विरोध और वेणु श्रीनिवासन के समर्थन के बीच कार्यवाहक अध्यक्ष हरीश मनवानी के निर्णायक मत से यह प्रस्ताव पारित हुआ था।
ट्रस्टों ने 18 प्रतिशत ब्याज सहित 65 करोड़ रुपये (50 करोड़ व 15 करोड़ रुपये) का हर्जाना मांगा है।
आईपीओ और पुनर्गठन का पेच
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बड़ी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) के रूप में वर्गीकृत कर टाटा संस के लिए आईपीओ अनिवार्य किया है।
नोएल टाटा पुनर्गठन के जरिए आईपीओ टालने के पक्ष में बताए जा रहे हैं, जबकि 30 नवंबर की बैठक में विशेष आम बैठक (ईजीएम) बुलाकर आईपीओ और पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर चर्चा प्रस्तावित है।
क्या होती है कैविएट
कैविएट एक कानूनी पूर्व-सूचना है। जब किसी पक्ष को यह आशंका होती है कि विरोधी पक्ष किसी निर्णय के विरुद्ध ऊपरी अदालत में अपील कर सकता है, तो वह पहले से कैविएट दाखिल कर देता है। इससे अदालत उसका पक्ष सुने बिना कोई एकतरफा आदेश पारित नहीं कर सकती।