टाटा संस बनाम टाटा ट्रस्ट: कास्टिंग वोट के जरिये चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल देने पर बवाल, बांबे हाई कोर्ट में मुकदमा दायर
टाटा समूह में सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने टाटा संस तथा उसके छह निदेशकों के खिलाफ बांबे हाई कोर्ट में मुकदमा दायर किया है।

17 सितंबर की बोर्ड बैठक में दो नामित निदेशकों में से नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का विरोध किया।
HighLights
ट्रस्टों ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को बांबे हाई कोर्ट में चुनौती दी।
कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर टाटा संस के भीतर विवाद गहराया।
टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन के अनुच्छेद 121 पर बहस।
जासं, जमशेदपुर। टाटा समूह के शीर्ष स्तर पर बड़ा कानूनी और कॉरपोरेट विवाद सामने आया है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (एसडीटीटी) और आरडी टाटा ट्रस्ट (आरडीटीटी) ने टाटा संस तथा उसके छह निदेशकों के खिलाफ बांबे हाई कोर्ट में अलग-अलग मुकदमे दायर कर कार्यकारी अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन के तीसरे पांच वर्षीय कार्यकाल की पुनर्नियुक्ति को चुनौती दी है।
गुरुवार को जस्टिस आरिफ एस. डॉक्टर के सुनवाई से खुद को अलग करने के बाद जस्टिस अभय आहूजा ने मामले की सुनवाई के लिए 27 नवंबर की तिथि तय की है।
कास्टिंग वोट पर छिड़ा विवाद
इस पूरे विवाद के केंद्र में टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (एओए) के अनुच्छेद 104बी और 121 हैं। अनुच्छेद 121 के मुताबिक, बोर्ड के बहुमत से तय प्रस्तावों के लिए बैठक में मौजूद ट्रस्ट नामित निदेशकों के बहुमत का समर्थन अनिवार्य है।
17 सितंबर की बोर्ड बैठक में दो नामित निदेशकों में से नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का विरोध किया, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने समर्थन दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे स्वतंत्र निदेशक हरीश मनवानी ने अपने 'कास्टिंग वोट' (निर्णायक मत) का इस्तेमाल करते हुए 4:1 के बहुमत से प्रस्ताव पारित दर्ज किया, जबकि चंद्रशेखरन मतदान से अलग रहे।
65 करोड़ का दावा, छह प्रतिवादी
ट्रस्टों का तर्क है कि नामित निदेशकों के बहुमत के बिना कास्टिंग वोट अनुच्छेद 121 की अनिवार्य शर्त को लांघ नहीं सकता। 20 सितंबर के बयान में भी इस प्रस्ताव को अवैध, अमान्य और निष्प्रभावी बताया गया था।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर बुधवार रात मुकदमा दायर करने का प्रस्ताव पारित हुआ। एसडीटीटी ने 50 करोड़ और आरडीटीटी ने 15 करोड़ रुपये (कुल 65 करोड़ रुपये) का हर्जाना 18 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ मांगा है।
प्रतिवादियों में एन चंद्रशेखरन, कार्यकारी निदेशक व सीएफओ सौरभ अग्रवाल, हरीश मनवानी, अनीता जॉर्ज, नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन शामिल हैं। ट्रस्ट की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी व जाल अंध्यारुजीना पैरवी कर रहे हैं।
लिस्टिंग और 30 नवंबर की बैठक पर मतभेद
टाटा संस में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाले टाटा ट्रस्ट ने इस प्रस्ताव पर अमल तथा 30 नवंबर की बैठक में मतभेद होने पर कास्टिंग वोट के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की है।
ट्रस्ट को आशंका है कि इसी प्रणाली से फिर अहम फैसले पारित किए जा सकते हैं। गौरतलब है कि आरबीआई ने अपर-लेयर एनबीएफसी नियमों के तहत कंपनी की लिस्टिंग का संकेत दिया है।
जबकि ट्रस्ट अध्यक्ष नोएल टाटा पुनर्गठन कर टाटा संस को निजी बनाए रखने के पक्षधर हैं। चंद्रशेखरन वर्ष 2017 से अध्यक्ष हैं और उनका दूसरा कार्यकाल फरवरी 2027 में समाप्त हो रहा है।