विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टाटा मोटर्स की बल्ले-बल्ले! कमर्शियल वाहनों की बिक्री 42% बढ़ी, दूसरी तिमाही में 244 प्रतिशत उछला मुनाफा

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:19 PM (GMT+05:30)

टाटा मोटर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया, जिसमें समेकित शुद्ध लाभ 244% बढ़कर ₹1,300 करोड़ और राजस्व 36% बढ़कर ₹25,300 करोड़ हो गया।

टाटा मोटर्स। (फाइल फोटो)

टाटा मोटर्स। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शुद्ध लाभ 244% बढ़कर ₹1,300 करोड़ हुआ।

  2. समेकित राजस्व में 36% की वृद्धि दर्ज की गई।

  3. वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 42% बढ़ी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा मोटर्स लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार वित्तीय प्रदर्शन किया है।

कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 244 प्रतिशत बढ़कर 1,300 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, समेकित राजस्व 36 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 25,300 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

कंपनी का एबिटडा भी 31 प्रतिशत बढ़कर 2,800 करोड़ रुपये पहुंच गया। कंपनी ने शुक्रवार को बोर्ड बैठक के बाद दूसरी तिमाही और चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही के वित्तीय नतीजे जारी किए।

कंपनी प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के तहत टाटा मोटर्स के एकल वित्तीय परिणाम मजबूत रहे। दूसरी तिमाही में एकल राजस्व 42 प्रतिशत बढ़कर 23,900 करोड़ रुपये रहा।

एबिटडा 31 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 2,800 करोड़ रुपये पहुंच गया जबकि कर पूर्व लाभ 51 प्रतिशत बढ़कर 2,700 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान कंपनी ने 2,100 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया।

टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी गिरिश वाघ ने कहा कि मजबूत मांग और बेहतर क्रियान्वयन से कंपनी ने वृद्धि की गति बनाए रखी है। हालांकि, कच्चे माल की बढ़ती लागत चुनौती बनी हुई है।

कंपनी का ध्यान परिचालन दक्षता, लागत नियंत्रण और ग्राहकों को बेहतर उत्पाद उपलब्ध कराने पर रहेगा। कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद जताई है, हालांकि दूसरी छमाही में वृद्धि की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में 42 प्रतिशत की वृद्धि

टाटा मोटर्स की दूसरी तिमाही में कुल थोक बिक्री 1,35,100 वाहनों की रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 42 प्रतिशत अधिक है।

घरेलू बाजार और निर्यात में क्रमशः 30 प्रतिशत और 177 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी की कुल बिक्री 35 प्रतिशत बढ़ी है।

घरेलू वाणिज्यिक वाहन बाजार में कंपनी की स्थिति भी मजबूत हुई है। वित्त वर्ष की पहली छमाही में वाहन पंजीकरण आंकड़ों के आधार पर कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 36.2 प्रतिशत रही, जो पिछले पूरे वित्त वर्ष के मुकाबले 1.1 प्रतिशत अंक अधिक है। भारी वाणिज्यिक वाहन श्रेणी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 55.7 प्रतिशत दर्ज की गई।

नकदी की स्थिति मजबूत, इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर

कंपनी का मुक्त नकदी प्रवाह दूसरी तिमाही में 4,600 करोड़ रुपये रहा। 30 सितंबर 2026 तक कंपनी के पास 15,900 करोड़ रुपये की शुद्ध नकदी थी।

कंपनी ने इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों के लिए लीजिंग और वित्तपोषण समाधान उपलब्ध कराने को ड्रिवन के साथ समझौता किया है। वहीं, वेलस्पन रिन्यूएबल एनर्जी के साथ 86 मेगावाट की पवन-सौर हाइब्रिड ऊर्जा परियोजना विकसित करने की साझेदारी भी की है।

यह भी पढ़ें- TMCV Q2 Results: मुनाफे में लौटी टाटा मोटर्स, Q2 में ₹2138 करोड़ रहा मुनाफा; रेवेन्यू ₹25000 करोड़ के पार