Tata Motors-Iveco Deal: इवेको के 96.29% शेयर अब टाटा मोटर्स के पास; दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वाणिज्यिक वाहन निर्माता बनी कंपनी
टाटा मोटर्स ने इवेको ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 96.29% कर ली है, जिससे वह पूर्ण स्वामित्व की ओर बढ़ ...और पढ़ें

री-ओपन टेंडर ऑफर के नतीजों के अनुसार, इवेको में टाटा मोटर्स की हिस्सेदारी बढ़कर 96.29 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
HighLights
टाटा मोटर्स ने इवेको में 96.29% हिस्सेदारी हासिल की।
कंपनी अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी ट्रक निर्माता।
नीदरलैंड्स कानून के तहत 'स्क्वीज-आउट' प्रक्रिया शुरू।
जासं, जमशेदपुर। देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स ने इटली की प्रसिद्ध वाणिज्यिक वाहन निर्माता कंपनी इवेको ग्रुप पर पूर्ण मालिकाना हक हासिल करने की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाया है।
शनिवार को संपन्न हुए री-ओपन टेंडर ऑफर के अनंतिम नतीजों के अनुसार, इवेको में टाटा मोटर्स की हिस्सेदारी बढ़कर 96.29 प्रतिशत पर पहुंच गई है।
नीदरलैंड्स के कानून के तहत होगी डीलिस्टिंग
शेयर बाजार को भेजी गई आधिकारिक सूचना के अनुसार, हिस्सेदारी 95 प्रतिशत के महत्वपूर्ण आंकड़े को पार करते ही कंपनी ने डच (नीदरलैंड्स) कानून के तहत 'स्क्वीज-आउट' (Squeeze-out) प्रक्रिया शुरू करने का ऐलान किया है।
इसके जरिए बाकी बचे अल्पसंख्यक शेयरधारकों से भी शेयर खरीदकर इवेको को शेयर बाजार से पूरी तरह डीलिस्ट (सूचीबद्धता समाप्त) कराकर पूर्ण स्वामित्व हासिल किया जाएगा।
26.36 करोड़ यूरो का अतिरिक्त निवेश
टाटा मोटर्स की अनुषंगी इकाई टीएमएल सीवी होल्डिंग्स बीवी ने दूसरे चरण में 1.83 करोड़ से अधिक अतिरिक्त शेयर हासिल किए, जो इवेको की कुल इक्विटी पूंजी का करीब 6.75 प्रतिशत हैं।
प्रति शेयर 14.40 यूरो की संशोधित दर पर इन शेयरों का कुल मूल्य 26.36 करोड़ यूरो (लगभग 2,380 करोड़ रुपये) रहा। पहले दौर में हासिल 87.81 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ अब कंपनी के पास 25.64 करोड़ शेयर हो चुके हैं। टेंडर के अंतिम नतीजे 12 नवंबर तक जारी होंगे।
दुनिया की चौथी सबसे बड़ी ट्रक व बस निर्माता
वर्ष 2008 में जगुआर लैंड रोवर (JLR) के ऐतिहासिक अधिग्रहण के बाद वैश्विक स्तर पर टाटा मोटर्स का यह सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय सौदा है।
करीब 3.8 अरब यूरो (लगभग 35 हजार करोड़ रुपये) के इस सौदे से दोनों कंपनियों का संयुक्त सालाना कारोबार 21 अरब यूरो (करीब 2 लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गया है।
इस रणनीतिक कदम से टाटा मोटर्स दुनिया की चौथी सबसे बड़ी ट्रक और बस निर्माता कंपनी बन गई है। साथ ही, कंपनी को यूरोप व लैटिन अमेरिका (ब्राजील और अर्जेंटीना) में अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट, उन्नत यूरो-7 टेक्नोलॉजी और 130 से अधिक देशों का स्थापित डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क हासिल हो गया है।