टाटा मोटर्स बनाएगी नए मॉडल की गाड़ियां, बीएस-सिक्स मॉडल के लिए नई लाइन
टाटा मोटर्स की जमशेदपुर यूनिट में भारी वाहन बनते हैं। नये मॉडल के लिए पार्ट-पुर्जे बनाने को इंसीलरियों को भी तैयार होने को कह दिया गया है।
जमशेदपुर(जेएनएन)। टाटा मोटर्स के मदर प्लांट जमशेदपुर में नए-नए मॉडल की गाड़ियां बनाई जाएगी। इसे लेकर कंपनी का विस्तारीकरण किया जा रहा है तो बीएस-सिक्स मॉडल वाले वाहनों के लिए नई लाइन भी तैयार किए जा रहे हैं।
टाटा मोटर्स के प्रबंध निदेशक गुंटेर बुश्चेक ने मुंबई से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कंपनी के सभी यूनिटों के वरीय अधिकारियों और यूनियन पदाधिकारियों को संबोधित किया। टाटा मोटर्स के कम्यूनिकेशन हॉल में डेढ घंटे तक कंपनी अधिकारियों के साथ यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे।
कंपनी कर रही बेहतर प्रदर्शन
अप्रैल से अक्टूबर तक बेहतर प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए एमडी ने कहा कि कंपनी अच्छा अच्छा कर रही है। इस माह कंपनी का घरेलू बाजार का प्रदर्शन शानदार रहा है। कंपनी आगे बढ़ रही है। सबों को लागत नियंत्रण व उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देने की जरुरत है। इस प्रतिस्पद्र्धी बाजार में कई चुनौतियां आएगी। इन चुनौतियों को सभी के सहयोग से ही सामना कर सकेंंगे। इस दौरान एमडी के साथ सीइओ सतीश बी. बोरंबकर, गिरीश वाघ, एबी लाल आदि कई कंपनी के अधिकारी भी मौजूद थे।
जमशेदपुर यूनिट में बनते भारी वाहन
टाटा मोटर्स की जमशेदपुर यूनिट में भारी वाहन बनते हैं। इसके लिए जमशेदपुर से सटे आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में करीब पांच सौ इंसीलरियां हैं जो पार्ट-पुर्जे बनाती है। नये मॉडल के लिए पार्ट-पुर्जे बनाने को इंसीलरियों को भी तैयार होने को कह दिया गया है।