सावधान! आपकी कार का रिमोट हैकर्स के हाथ में: टाटा के इन ऐप्स में बड़ी सेंधमारी, सर्ट-इन का हाई अलर्ट
टाटा मोटर्स के कनेक्टेड कार ऐप्स iRA 2.0 और iRA.ev में गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गई हैं, जिससे साइबर अपराधी वाहन का रिमोट कंट्रोल ले सकते हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
टाटा कनेक्टेड कार ऐप्स में गंभीर सुरक्षा खामियां उजागर हुईं।
साइबर अपराधी वाहन का रिमोट कंट्रोल ले सकते हैं।
CERT-In ने तुरंत ऐप अपडेट करने की सलाह दी।
जासं, जमशेदपुर । यदि आप टाटा मोटर्स की आधुनिक कनेक्टेड कार चलाते हैं और उसे मोबाइल ऐप से नियंत्रित करते हैं, तो फौरन सतर्क हो जाएं। आपकी मुट्ठी में बंद मोबाइल ऐप के जरिए साइबर अपराधी आपकी कार की सुरक्षा दीवार भेद सकते हैं।
केंद्र सरकार की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी सर्ट-इन ने टाटा मोटर्स के कनेक्टेड व्हीकल ऐप आइआरए 2.0 और इलेक्ट्रिक गाड़ियों के ऐप आइआरए.ईवी (iRA.ev) में गंभीर तकनीकी खामियां उजागर करते हुए हाई अलर्ट जारी किया है।
एजेंसी के अनुसार, इन खामियों के चलते साइबर ठग वाहन मालिकों की डिजिटल पहचान चुराकर गाड़ी का रिमोट कंट्रोल अपने हाथ में ले सकते हैं।
रिमोट कंट्रोल और लाइव लोकेशन पर संकट
सर्ट-इन की तकनीकी जांच में सामने आया कि यह खतरा आईआरए 2.0 के वर्जन 26.7.3 व आइआरए.ईवी के 26.7.2 या उससे पुराने संस्करणों में है। दरअसल, ऐप के बुनियादी साफ्टवेयर कोड में ही कंपनी के मुख्य सर्वर के गुप्त पासवर्ड और डिजिटल चाबियां खुली छोड़ दी गई थीं।
साथ ही, मोबाइल ऐप और इंटरनेट सर्वर के बीच बातचीत को सुरक्षित रखने वाला सुरक्षा घेरा भी कमजोर था। इस तकनीकी चूक का फायदा उठाकर कोई भी शातिर हैकर असली मालिक बनकर गाड़ी के सिस्टम में सेंध लगा सकता है।
इससे चलती गाड़ी की लाइव लोकेशन ट्रैक करने, दरवाजे खोलने, एसी चालू करने और बैटरी या इंजन की स्थिति से छेड़छाड़ करने का सीधा जोखिम बन गया है।
वर्ष 2023 में भी लीक हुआ था डेटा
टाटा मोटर्स के डिजिटल सुरक्षा तंत्र में सेंधमारी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले वर्ष 2023 में साइबर विशेषज्ञों ने कंपनी के व्यावसायिक वाहनों की ट्रैकिंग वाले प्लेटफार्म फ्लीटएज और स्पेयर पार्ट्स पोर्टल ई-दुकान में भारी सुरक्षा चूक पकड़ी थी।
उस दौरान क्लाउड सर्वर की गुप्त चाबियां उजागर हो जाने से लाखों वाहनों की ट्रैकिंग टेलीमेट्री और ग्राहकों के इनवॉयस समेत करीब 70 टेराबाइट संवेदनशील डेटा असुरक्षित पाया गया था, जिसे बाद में कंपनी ने दुरुस्त किया था।
बचाव के लिए तुरंत करें ऐप अपडेट
इस गंभीर खतरे से निपटने के लिए सर्ट-इन ने सभी टाटा वाहन मालिकों को तुरंत ऐप अपडेट करने की हिदायत दी है। इसके तहत आइआरए 2.0 के उपयोगकर्ताओं को नए वर्जन 26.8.2 और आइआरए.ईवी के उपयोगकर्ताओं को वर्जन 26.9.1 पर अपग्रेड करना जरूरी है।
वहीं कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए अनिवार्य अपडेट जारी कर दिए गए हैं, ताकि ग्राहकों का सफर और डेटा पूरी तरह महफूज रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।