Move to Jagran APP

जमशेदपुर में 10 किमी के दायरे में होंगे सात नगर निकाय

जमशेदपुर ऐसा शहर होगा जिसके 10 किलोमीटर के दायरे में सात स्थानीय निकाय होंगे।

By JagranEdited By: Published: Mon, 14 Jan 2019 01:15 PM (IST)Updated: Mon, 14 Jan 2019 01:15 PM (IST)
जमशेदपुर में 10 किमी के दायरे में होंगे सात नगर निकाय
जमशेदपुर में 10 किमी के दायरे में होंगे सात नगर निकाय

जमशेदपुर (मुजतबा हैदर रिजवी)। जमशेदपुर ऐसा शहर होगा जिसके 10 किलोमीटर के दायरे में सात नगर निकाय होंगे। औद्योगिक नगर को मिला लें तो स्थानीय प्रशासन की आठ इकाइयां हो जाएंगी। सरकार जमशेदपुर में दो नगर निगम और एक औद्योगिक नगर बनाने जा रही है। अभी शहर के इस दायरे में पांच नगर निकाय और जुस्को को मिला कर स्थानीय प्रशासन की छह इकाइयां हैं।

loksabha election banner

जमशेदपुर ही ऐसा शहर है जिसके दायरे में अभी पांच नगर निकाय चल रहे हैं। जबकि, रांची समेत अन्य कई शहरों में एक ही नगर निकाय हैं। जमशेदपुर में कई नगर निकाय होने से यहां के विकास में तालमेल नहीं बैठ पा रहा है।

अमूमन एक शहर में एक नगर निकाय होता है। बड़े शहर में एक नगर निगम होता है जैसे रांची नगर निगम, धनबाद नगर निगम, पटना नगर निगम आदि। लेकिन, जमशेदपुर शहर को तीन हिस्से में बांट कर तीन नगर निकाय जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर पर्षद बनाए गए थे। इसमें भी भीतर एक ऐसा इलाका है जिसे जुस्को चलाती है। इस इलाके को भी जोड़ लिया जाए तो अभी भी शहर को चार संस्थाएं चलाती हैं। शहर से सटे दो नगर निकाय आदित्यपुर नगर निगम और कपाली नगर पर्षद भी मौजूद हैं। इसलिए, लिहाज से जमशेदपुर शहर शायद दुनिया का पहला ऐसा शहर है जिसके 10 किमी के दायरे में स्थानीय प्रशासन की छह इकाइयां काम कर रही हैं।

कई साल से चल रही नगर निगम की मांग

जमशेदपुर अक्षेस को नगर निगम बनाने और वहां स्थानीय निकाय का चुनाव कराने की मांग कई साल से चल रही है। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला भी चल रहा है। टाटा स्टील यहां औद्योगिक नगर बनाना चाहती है। इस पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर औद्योगिक नगर और जमशेदपुर नगर निगम बनाने की कवायद 2016 में शुरू हुई थी। लेकिन, दोनों की सीमा को लेकर विवाद था। अब तय हुआ है कि जमशेदपुर में दो नगर निगम और एक औद्योगिक नगर बनाए जाएं।

इसलिए बनाए जा रहे दो नगर निगम

जमशेदपुर में दो नगर निगम बनाया जाना सरकार की मजबूरी है। 2016 में जब जिला प्रशासन ने नगर निगम और औद्योगिक नगर की सीमा और इलाके तय किए थे तो टाटा स्टील के अधिकारियों की जिद के चलते जमशेदपुर में नगर निगम का इलाका पूर्वी और पश्चिमी दो बड़े हिस्से में बंट गया। दोनों के बीच इलाके अलग-अलग थे और बीच में औद्योगिक नगर का इलाका पड़ रहा था। जिला प्रशासन ने दोनों इलाकों में निरंतरता लाने की कोशिश की लेकिन ऐसा मुमकिन नहीं हो सका। बाद में मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में पिछले साल अक्टूबर में हुई बैठक में जमशेदपुर के पूर्वी और पश्चिमी इलाकों में दो अलग-अलग नगर निगम बनाने का फैसला हुआ।

नगर निकायों में नहीं हो रहा चुनाव

शहर के तीन नगर निकायों जमशेदपुर अक्षेस, मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर पर्षद में अभी तक चुनाव नहीं हुए हैं। लोगों की मांग है कि शहर को भी तीसरा मताधिकार दिया जाए। इसे लेकर सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है। जुगसलाई नगर पर्षद और मानगो नगर निगम में चुनाव होने की संभावना बलवती है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.