विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमशेदपुर के गोपाल मैदान में हाई-वोल्टेज ड्रामा: वरिष्ठ आदिवासी नेता सूर्य सिंह बेसरा से मारपीट, मासकॉम छात्रा हिरासत में

Published: Wed, 18 Nov 2026 01:30 AM (GMT+05:30)

जमशेदपुर के गोपाल मैदान में पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर एक युवती ने हमला कर दिया। चार महीने पुराने ...और पढ़ें

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया। (AI Generated Image)

घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया। (AI Generated Image)

HighLights

  1. मासकॉम छात्रा किरण मांझी ने मां-बहनों संग की पिटाई।

  2. चार माह पुराने विवाद के चलते हुई यह घटना।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। शहर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में मंगलवार को आयोजित 'संवाद' कार्यक्रम के दौरान झारखंड के वरिष्ठ आदिवासी नेता, पूर्व विधायक एवं साहित्यकार सूर्य सिंह बेसरा पर एक युवती ने हमला कर दिया। 
 
युवती ने अपनी मां और बहनों के साथ मिलकर बेसरा की हाथ और चप्पल से पिटाई कर दी। भरे कार्यक्रम में अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 
 
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सूर्य सिंह बेसरा को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया, जहां उनके सीने के नीचे चोट लगने की बात सामने आई है।
 

चार महीने पुराने विवाद को लेकर था आक्रोश 

पुलिस के अनुसार, हमला करने वाली युवती की पहचान करनडीह निवासी किरण मांझी के रूप में हुई है, जो मास कम्युनिकेशन (मासकॉम) की छात्रा है। 
 
बताया जा रहा है कि करीब चार माह पहले नागपुर में आयोजित संताली सिनेमा और कला अकादमी के एक कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर किरण और सूर्य सिंह बेसरा के बीच विवाद हुआ था।
 
इसी पुराने विवाद को लेकर युवती उनसे काफी नाराज चल रही थी। मंगलवार को जब सूर्य सिंह बेसरा अपने साथियों के साथ गोपाल मैदान में चल रहे संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे। 
 
वहां किरण भी अपनी मां और बहनों के साथ पहुंच गई। बेसरा को सामने देखते ही युवती ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उन पर हमला बोल दिया।
 

बुजुर्ग आदिवासी नेता के साथ ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण 

घटना के वक्त सूर्य सिंह बेसरा के साथ मौजूद घाटशिला के पूर्व पार्षद अर्जुन पूर्ति और पूर्व छात्र नेता हरिराम टुडू ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। 
 
उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग आदिवासी नेता की इस तरह सार्वजनिक रूप से पिटाई करना किसी भी सूरत में उचित नहीं है।
 
यदि युवती को कोई विवाद या शिकायत थी, तो समाज के प्रतिष्ठित लोगों के माध्यम से या आमने-सामने बैठकर बातचीत से उसका समाधान निकाला जा सकता था। 
 
कार्यक्रम में देशभर से आदिवासी कलाकार और बुद्धिजीवी जुटे थे, ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर मारपीट की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
 

पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी 

हंगामे के बाद बिष्टुपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवती किरण मांझी को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।